H1N1 Flu Symptoms : मौसम बदलते ही बुखार, खांसी और गले में खराश जैसी दिक्कतें आम लगने लगती हैं. कई बार लोग इन्हें सामान्य वायरल या मौसम का असर समझकर घर पर ही आराम करने लगते हैं. लेकिन इस समय H1N1 के बढ़ते मामलों के बीच इन लक्षणों को थोड़ा गंभीरता से देखना जरूरी है. दिल्ली में इस साल अब तक 1,349 H1N1 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 229 मामले दर्ज हुए थे.
यानी मामलों में करीब छह गुना बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि H1N1 के लक्षण क्या हैं, बल्कि यह भी जानना जरूरी है कि किस स्थिति में टेस्ट कराना चाहिए और कब तुरंत डॉक्टर की मदद लेनी चाहिए.
H1N1 Flu Symptoms: शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें?
H1N1 के लक्षण दूसरे फ्लू जैसे ही हो सकते हैं, इसलिए शुरुआत में इसे पहचानना आसान नहीं होता. इसमें -
- बुखार
- ठंड लगना
- खांसी
- गले में खराश
- नाक बहना या बंद होना
- बदन दर्द
- सिरदर्द और थकान जैसी दिक्कत हो सकती है.
कुछ लोगों में दस्त और उल्टी भी हो सकती है. इसके लक्षण संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के करीब 1 से 4 दिन के अंदर तेजी से सामने आ सकते हैं.
क्या हर बुखार और खांसी H1N1 हो सकती है?
बुखार या खांसी होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को H1N1 ही है. दूसरे फ्लू वायरस में भी ऐसे ही लक्षण हो सकते हैं. इसलिए हर हल्की खांसी या बुखार में H1N1 टेस्ट कराने की जरूरत नहीं होती. लेकिन कुछ स्थितियों में जांच की जरूरत बढ़ जाती है.
अगर आप छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिला या किसी पुरानी बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति हैं और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
Also Read: दिल्ली में 6 गुना बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, जानिए H1N1 के लक्षण और कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए
H1N1 Test कब कराना चाहिए?
इसी तरह अगर लक्षण लगातार बढ़ रहे हैं या काफी गंभीर हैं, किसी H1N1 संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आए हैं, या आप स्वास्थ्य सेवा से जुड़े काम में हैं और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के संपर्क में रहते हैं, तो H1N1 जांच की जरूरत पड़ सकती है.
H1N1 और Swine Flu कैसे फैलता है?
H1N1 दूसरे फ्लू वायरस की तरह ही एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैल सकता है. संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने से निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने पर संक्रमण हो सकता है. संक्रमित सतह को छूने के बाद मुंह या नाक छूने से भी वायरस फैल सकता है.
खास बात यह है कि संक्रमित व्यक्ति को खुद लक्षण महसूस होने से पहले भी वह दूसरों तक संक्रमण पहुंचा सकता है.
Also Read: मानसून में क्यों बढ़ते हैं फ्लू के मामले? AIIMS के डॉक्टर ने बताए शुरुआती लक्षण और बचाव के तरीके
किन लक्षणों पर तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए?
कुछ संकेत ऐसे हैं जिनमें सिर्फ H1N1 टेस्ट कराने की बात नहीं, बल्कि तुरंत मेडिकल मदद लेने की जरूरत होती है. अगर सांस लेने में परेशानी हो, सीने में दर्द हो, लगातार चक्कर आएं, भ्रम की स्थिति बने या तेज उल्टी हो रही हो, तो देर नहीं करनी चाहिए.
ज्यादातर स्वस्थ लोग H1N1 संक्रमण से ठीक हो जाते हैं, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों में संक्रमण ज्यादा गंभीर हो सकता है.
इसलिए फ्लू जैसे लक्षणों को पूरी तरह नजरअंदाज करने के बजाय अपनी स्थिति और जोखिम को देखकर समय पर डॉक्टर से सलाह लेना ज्यादा समझदारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं