बारिश के मौसम में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इस मौसम में सेहत के प्रति जरा सी लापरवाही आपके लिए खतरा बन सकती है. इन दिनों देश के कई हिस्सों में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. मौसम में नमी और तापमान में बदलाव के कारण वायरस को फैलने का पूरा मौका मिल जाता है. अगर आप भी इस मौसम में खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं, तो स्वाइन फ्लू को हल्के में लेने की भूल बिल्कुल न करें. आइए जानते हैं कि स्वाइन फ्लू क्या है, इसके शुरुआती लक्षण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है.
क्या है स्वाइन फ्लू (H1N1)?
स्वाइन फ्लू एक तरह का सांस से जुड़ा इंफेक्शन है, ये एक संक्रामक रोग है जो सूअरों से मनुष्यों में फैल सकता है. जो सांस के जरिए फैलता है. जब कोई मरीज छींकता या खांसता है, तो हवा के जरिए इसके जर्म्स दूसरों तक पहुंच जाते हैं.
स्वाइन फ्लू के लक्षण-
- तेज बुखार
- सूखी खांसी
- गले में खराश या दर्द
- सिरदर्द
- शरीर या मांसपेशियों में तेज दर्द
- थकान
- कमजोरी
- नाक बहना या बंद होना
- उल्टी या दस्त होना

स्वाइन फ्लू से बचने के लिए क्या करें. Photo Credit: iStock
सामान्य जुकाम और स्वाइन फ्लू में अंतर कैसे पहचानें-
नॉर्मल जुकाम में हल्का बुखार या गले में खराश होती है और व्यक्ति दो-तीन दिन में ठीक हो जाता है. लेकिन स्वाइन फ्लू में बुखार काफी तेज आता है और शरीर में इतनी ज्यादा थकावट होती है कि बिस्तर से उठना भी मुश्किल लगता है.
स्वाइन फ्लू के कारण (Causes of Swine Flu)
- संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना
- संक्रमित सतहों को छूना और फिर मुंह, नाक या आंखों को छूना
- भीड़-भाड़ वाले स्थानों में रहना, जहां वायरस का फैलाव ज्यादा हो सकता है
स्वाइन फ्लू से बचाव के आसान उपाय-
- हाथ साफ रखें- बाहर से आने के बाद, खाना खाने से पहले और किसी भी संदिग्ध जगह को छूने के बाद अपने हाथों को साबुन धोएं.
- मास्क का इस्तेमाल- भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाते समय मास्क जरूर पहनें. यह आपको हवा में मौजूद वायरस से बचाएगा.
- मुंह और नाक न छुएं- जब तक हाथ साफ न हों, तब तक अपनी आंखों, नाक और मुंह को छूने से बचें.
- दूरी बनाएं- अगर घर या आसपास किसी को खांसी या बुखार है, तो उससे दूरी बनाकर रखें.
- इम्यूनिटी बढ़ाएं- अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, सूप और गर्म पानी शामिल करें. सही खानपान से शरीर की बीमारी से लड़ने की ताकत बढ़ती है.
- वैक्सीन लगवाएं- डॉक्टर की सलाह से फ्लू शॉट (वैक्सीन) जरूर लगवाएं.
डॉक्टर के पास कब जाएं?
अगर आपको सांस लेने में तकलीफ हो रही हो, सीने में दर्द महसूस हो या बुखार 3-4 दिनों तक बिल्कुल कम न हो, तो बिना देर किए तुरंत नजदीकी डॉक्टर को दिखाएं. अपनी मर्जी से कोई भी दवा या एंटीबायोटिक न लें.
स्वाइन फ्लू का इलाज | Treatment of Swine Flu
अगर आपको स्वाइन फ्लू के लक्षण महसूस होते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें. डॉक्टर एंटीवायरल दवाओं का प्रिस्क्रिप्शन दे सकते हैं, जो वायरस के फैलाव को रोकने में मदद करती हैं. इसके अलावा, घर पर आराम करें, पानी पिएं और डॉक्टर की सलाह मानें.
ये भी पढ़ें- सावन में बेलपत्र खाने से क्या होता है? जानिए शिवजी को चढ़ने वाला बेलपत्र सेहत के लिए कैसे है फायदेमंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं