विज्ञापन

फेस्टिव मेकअप के बाद चेहरे पर हो रही है खुजली और रैशेज? ऐसे पाएं स्किन एलर्जी से राहत

फेस्टिव सीजन में मेकअप के बाद अगर आपको चेहरे पर खुजली हो रही है, तो ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है. यहां जानते हैं डॉक्टर के बताए टिप्स-

फेस्टिव मेकअप के बाद चेहरे पर हो रही है खुजली और रैशेज? ऐसे पाएं स्किन एलर्जी से राहत
Festive Makeup Skin : मेकअप के बाद स्किन एलर्जी से कैसे बचें?

दिवाली, भाईदूज जैसे त्योहारों में अक्सर हम चेहरे पर मेकअप लगा लेते हैं, लेकिन कई बार मेकअप ज्यादा होने की वजह चेहरे पर खुजली और रैशेज की परेशानी होने लगती है. ऐसी परेशानी से बचने के लिए डॉक्टर के बताए टिप्स को अपनाएं, ताकि स्किन एलर्जी से बचा जा सके. इसकी जानकारी के लिए हमने के साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटॉलोजिस्ट डॉ. दीपाली भारद्वाज से बात की. डॉ. दीपाली का कहना है कि अगर मेकअप के बाद चेहरे पर अचानक खुजली, लालिमा या रैशेज होने लगें, तो सबसे पहले मेकअप को हल्के, बिना खुशबू वाले क्लींजर से साफ करें. इसके अलावा कुछ अन्य टिप्स को अपनाएं, जैसे-

खुजली हो, तो बिल्कुल न रगड़ें स्किन

डॉ. कहती हं कि अगर आपको मेकअप लगाने के बाद स्किन पर खुजली या फिर रैशेज हो रही है, तो स्किन को रगड़ने से बचें. ध्यान रखें कि बार-बार चेहरा छूने से एलर्जी बढ़ने लगती है. इससे तुरंत राहत के लिए ठंडे पानी में भिगोया हुआ साफ कपड़ा चेहरे पर कुछ मिनट रखें. चाहें तो साफ कपड़े में लपेटकर कोल्ड पैक भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन बर्फ को सीधे चेहरे पर न रगड़ें, क्योंकि इससे स्किन को नुकसान पहुंच सकता है.

दही नहीं है स्किन एलर्जी का इलाज

अक्सर लोगों को देखा होगा कि चेहरे पर खुजली या जलन होने पर वे डायरेक्ट दही लगा लेते हैं. इस बारे में डॉक्टर का कहना है कि दही खाना बैलेंस डाइट का हिस्सा हो सकता है, लेकिन ये बात याद रखें कि दही खाने या चेहरे पर लगाने से कॉस्मेटिक एलर्जी ठीक होने का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. खासकर जब स्किन पहले से लाल, सेंसिटिव या सूजी हुई हो, तो चेहरे पर दही, घरेलू फेस पैक या दूसरे किचन इंग्रीडिएंट्स लगाने से बचना चाहिए. अगर किसी व्यक्ति को दूध या दही से एलर्जी है, तो इनका इस्तेमाल बिल्कुल न करें.

हर बार मेकअप प्रोडक्टर्स नहीं होता है जिम्मेदार

डॉक्टर दीपाली का कहना है कि कई बार परेशानी सिर्फ मेकअप प्रोडक्ट से नहीं, बल्कि गंदे ब्रश, स्पंज और गलत तरीके से रखे गए कॉस्मेटिक्स से भी बढ़ सकती है. मेकअप ब्रश और स्पंज को नियमित रूप से साफ करें और उन्हें पूरी तरह सूखने के बाद ही इस्तेमाल करें. खराब, पुराने या दूषित एप्लिकेटर्स को बदल दें. मस्कारा और दूसरे आंखों के मेकअप प्रोडक्ट्स को दूसरों के साथ शेयर न करें.

इस तरह से रखें मेकअप बॉक्स और प्रोडक्ट्स

मेकअप बॉक्स और प्रोडक्ट्स को हमेशा ढक्कन बंद करके, साफ और सूखी जगह पर रखें. उन्हें लंबे समय तक खुला छोड़ने से धूल और दूसरे प्रदूषक जमा हो सकते हैं. ध्यान रखें कि हर खुले प्रोडक्ट में बैक्टीरिया जरूर बढ़ेंगे, ऐसा नहीं है, लेकिन गंदगी, नमी और दूषित ब्रश इंफेक्शन का खतरा बढ़ा सकते हैं.

अंत में डॉक्टर कहती हैं कि फेस्टिव सीजन में मेरी सलाह यही है कि नए प्रोडक्ट्स को एक साथ आजमाने के बजाय सावधानी से चुनें. अगर रैशेज बढ़ रहे हों, आंखों या होंठों में सूजन हो या खुजली लगातार बनी रहे, तो खुद से स्टेरॉयड या मिक्स क्रीम लगाने के बजाय डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें. सांस लेने में परेशानी या गले में जकड़न होने पर तुरंत इमरजेंसी सहायता लें.

ये भी पढ़ें - सुबह उठते ही छींकें, नाक बंद और आंखों में खुजली? हो सकता है सर्दियों की एलर्जी का संकेत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Festive Makeup, Festive Makeup For Diwali, Itching, Festive Makeup Essentials, Lifestyle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com