विज्ञापन

क्या उंगलियां चटकाने से होता है गठिया? ऑर्थोपेडिक डॉक्टर ने बताया पूरा सच

क्या बार-बार उंगलियां चटकाने से आर्थराइटिस हो सकता है? ऑर्थोपेडिक एक्सपर्ट डॉ. रामकिंकर झा से जानिए इसके पीछे की सच्चाई और कब ये आदत खतरनाक हो सकती है.

क्या उंगलियां चटकाने से होता है गठिया? ऑर्थोपेडिक डॉक्टर ने बताया पूरा सच
Finger Cracking Side Effects: उंगलियां चटकाने से क्या होता है?

अक्सर घर के बड़े-बुजुर्ग उंगलियां चटकाने पर टोकते हैं और कहते हैं कि ऐसा करने से आगे चलकर गठिया (आर्थराइटिस) हो सकता है. कई लोगों के लिए उंगलियां चटकाना तनाव दूर करने या आराम महसूस करने का तरीका होता है, जबकि कुछ लोग अनजाने में यह आदत दोहराते रहते हैं. लेकिन क्या वास्तव में बार-बार उंगलियां चटकाने से जोड़ों को नुकसान पहुंचता है? इस सवाल का जवाब दिया है सीके बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम के ऑर्थोपेडिक्स निदेशक डॉ. रामकिंकर झा ने.

उंगलियां चटकाने पर आवाज क्यों आती है?

डॉ. झा के मुताबिक, हमारी उंगलियों के जोड़ों में एक विशेष द्रव (साइनोवियल फ्लूइड) मौजूद होता है, जो जोड़ों को चिकनाई देता है. जब उंगलियों को खींचा या मोड़ा जाता है, तो जोड़ों के अंदर दबाव बदलता है और द्रव में मौजूद गैस के बुलबुले फूटते हैं. इसी प्रक्रिया के कारण "पॉप" जैसी आवाज सुनाई देती है.

यह आवाज इस बात का संकेत नहीं है कि हड्डियां आपस में रगड़ रही हैं या जोड़ खराब हो रहे हैं.

क्या इससे गठिया हो सकता है?

डॉक्टर का कहना है कि अब तक हुए शोधों में ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है कि केवल उंगलियां चटकाने से ऑस्टियोआर्थराइटिस या गठिया की बीमारी होती है. गठिया के पीछे बढ़ती उम्र, पुरानी चोटें, आनुवंशिक कारण और कुछ पेशेगत जोखिम अधिक जिम्मेदार माने जाते हैं.

हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि उंगलियों को जोर लगाकर बार-बार चटकाना पूरी तरह सुरक्षित है. जरूरत से ज्यादा बल लगाने पर आसपास के लिगामेंट और सॉफ्ट टिश्यू प्रभावित हो सकते हैं.

कब हो सकती है परेशानी?

डॉ. झा के अनुसार, यदि उंगलियां चटकाते समय या उसके बाद दर्द महसूस हो, सूजन आए या उंगली का मूवमेंट कम हो जाए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसे में कुछ  लक्षण दिखे, तो तुरंत जाएं डॉक्टर के पास-

उंगली चटकाने पर दर्द होना
जोड़ों में सूजन या कोमलता
उंगली का मुड़ने या सीधी होने में दिक्कत
जोड़ का बार-बार लॉक होना
चोट लगने के बाद तेज आवाज के साथ दर्द और सूजन होना
आदत कैसे छोड़ें?

कई लोग तनाव, चिंता या लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करने के दौरान अनजाने में उंगलियां चटकाते हैं. ऐसे में नियमित स्ट्रेचिंग, हाथों की एक्सरसाइज और काम के दौरान छोटे-छोटे ब्रेक लेने से इस आदत को कम किया जा सकता है.

डॉ. झा का कहना है कि सामान्य और बिना दर्द वाली उंगलियां चटकाने की आदत से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन यदि इसके साथ दर्द, सूजन या अन्य समस्या जुड़ी हो तो विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.

ये भी पढ़ें - सुबह उठते ही उंगलियां अकड़ जाती हैं? कहीं ये अर्थराइटिस के शुरुआती संकेत तो नहीं


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cracking Bones, Cracking Fingers, Cracking Hands, Cracking Knuckles, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com