पार्किंसन एक ऐसी बीमारी है, जो धीरे-धीरे इंसान के शरीर पर पकड़ मजबूत करती जाती है. इस स्थिति से जूझ रहे लोगों को हाथों का कांपना, चलने में दिक्कत, शरीर में जकड़न और रोजमर्रा के कामों में परेशानी महसूस होने लगती है. शुरुआती दौर में दवाएं मरीजों को राहत देती हैं, लेकिन कई मामलों में समय के साथ उनका असर कम होने लगता है. ऐसे मरीजों के लिए अब देश में इलाज का एक नया रास्ता खुला है.
दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने पहली बार रोबोट की मदद से पार्किंसन मरीज की ब्रेन सर्जरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है. ये उपलब्धि सिर्फ चिकित्सा जगत के लिए नहीं, बल्कि उन हजारों मरीजों के लिए भी बड़ी उम्मीद लेकर आई है, जो लंबे समय से बेहतर इलाज की तलाश में हैं.
रोबोट ने बढ़ाई सर्जरी की एक्यूरेसी
बता दें कि इस सर्जरी को 25 नवंबर को की गई. इसमें डॉक्टर्स की टीम ने डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (DBS) टेक्नीक का इस्तेमाल किया. इस प्रोसेस में दिमाग के खास हिस्सों में बहुत बारीक इलेक्ट्रोड लगाए जाते हैं. ये इलेक्ट्रोड ऐसे संकेत भेजते हैं, जो पार्किंसन के कारण होने वाली समस्याओं को कंट्रोल करने में मदद करते हैं. रोबोट की मदद से इलेक्ट्रोड को सही जगह तक पहुंचाने में ज्यादा सटीकता मिली. डॉक्टर्स का कहना है कि इससे सर्जरी की गुणवत्ता बेहतर हुई और ब्रेन के सही हिस्से की पहचान करना आसान हो गया.
कैसे काम करती है ये टेक्नीक?
पार्किंसन के मरीजों के ब्रेन में कुछ विशेष संकेत लगातार एक्टिव रहते हैं, जिससे शरीर की नॉर्मल एक्टिविटी प्रभावित होती हैं. सर्जरी के दौरान डॉक्टर इन संकेतों का स्टडी करते हैं और उसी आधार पर इलेक्ट्रोड लगाने की जगह तय करते हैं.
नई टेक्नीक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक सिस्टम की मदद से दिमाग की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया. इससे डॉक्टरों को लक्ष्य तक पहुंचने में आसानी हुई और सर्जरी के दौरान गलती की संभावना भी कम हुई.
मरीजों को क्या होगा फायदा?
डॉक्टर का कहना है कि ये प्रोसेस पार्किंसन को पूरी तरह खत्म नहीं करती, लेकिन मरीजों के लक्षणों को काफी हद तक कम कर सकती है. इससे हाथों का कांपना, शरीर में जकड़न और चलने-फिरने में होने वाली दिक्कतों में राहत मिल सकती है. साथ ही जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर हो सकती है.
भारत में इलाज का नया अध्याय
दुनिया के कई देशों में रोबोटिक ब्रेन सर्जरी पहले से की जा रही है, लेकिन भारत में यह पहली बार हुआ है. AIIMS की यह सफलता दिखाती है कि देश में भी अब आधुनिक तकनीक तेजी से चिकित्सा सेवाओं का हिस्सा बन रही है. आने वाले समय में यह तकनीक उन मरीजों के लिए बड़ी राहत बन सकती है, जिनकी उम्मीदें पारंपरिक इलाज से पूरी नहीं हो पा रही थीं.
ये भी पढ़ें - सीने में दर्द, जकड़न और दबाव? इस बीमारी का पहला अलार्म हो सकते हैं ये संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं