How to Prevent Heatstroke: देशभर में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट से होने वालू दिक्कतें यानी गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मामले भी बढ़ने लगे हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है. खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग, बाहर काम करने वाले लोग और पहले से बीमार व्यक्ति ज्यादा खतरे में रहते हैं. ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना, धूप से बचना और सही खानपान अपनाना बेहद जरूरी है. एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचान लिया जाए तो हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है.
गर्मी से जुड़ी बीमारियों में शामिल हैं कई समस्याएं:
एएनआई से बात करते हुए डॉ. विरेंद्र प्रकाश गौतम बताते हैं, गर्मी से जुड़ी बीमारियों में लगभग 6 तरह की कंडीशन शामिल होती हैं. इसके लक्षण हल्के से लेकर बेहद गंभीर तक हो सकते हैं.
उन्होंने बताया, "शुरुआती लक्षणों में शरीर पर लाल दाने, खुजली, मसल्स क्रैम्प्स और बहुत थकान महसूस होना शामिल है. कुछ मरीजों की त्वचा पसीने के कारण गीली रहती है, जबकि कुछ मामलों में त्वचा सूखी भी हो सकती है.”
ये भी पढ़ें: धूप से लौटने के बाद तुरंत पानी पीने की आदत पड़ सकती है भारी, जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
डॉ. गौतम ने कहा कि कई बार मरीज को कमजोरी, चक्कर और बहुत ज्यादा थकावट महसूस होती है, जिसे लोग सामान्य गर्मी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर समस्या बन सकती है.

गंभीर लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचें
डॉ. गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मरीज में भ्रम की स्थिति, बेहोशी, दौरे पड़ना या कोमा जैसे लक्षण दिखाई दें तो यह बेहद गंभीर संकेत हैं. उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति में मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहिए. लेकिन उससे पहले मरीज को ठंडी जगह पर शिफ्ट करें और शरीर को ठंडा करने की कोशिश करें."
उन्होंने बताया कि शरीर को ठंडा करने के लिए गीले तौलियों का इस्तेमाल काफी प्रभावी तरीका है. इसके अलावा शरीर पर पानी का छिड़काव करके तेज पंखे की हवा देना भी मददगार साबित हो सकता है. इससे शरीर का तापमान तेजी से कम करने में सहायता मिलती है.
ये भी पढ़े: 35 के बाद अचानक बढ़ रहा है वजन? कहीं आपका थायरॉयड तो नहीं दे रहा ये संकेत, डॉक्टर ने बताए 10 बड़े लक्षण
बचाव के लिए पानी और घरेलू ड्रिंक्स हैं जरूरी
गर्मी से बचाव के उपायों पर जोर देते हुए डॉ. गौतम ने कहा कि गर्मियों में हर व्यक्ति को प्रतिदिन लगभग 3 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए.
उन्होंने सलाह दी, "हर 30 से 40 मिनट में एक गिलास पानी जरूर पिएं. शिकंजी, लस्सी और अन्य घरेलू पेय पदार्थ शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं."उन्होंने यह भी कहा कि कॉफी, कैफीन युक्त ड्रिंक्स और शराब से दूरी बनानी चाहिए क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं.

धूप में निकलते समय रखें इन बातों का ध्यान
डॉ. गौतम के मुताबिक, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनना, सिर को ढककर रखना और बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी. उनके अनुसार, जरूरी काम सुबह या शाम के ठंडे समय में ही करने चाहिए.
साथ ही उन्होंने तरबूज, खरबूजा, खीरा और हरी सब्जियों जैसे मौसमी फलों और सब्जियों को खानपान में शामिल करने की सलाह दी.
(डॉ. विरेंद्र प्रकाश गौतम वर्तमान में VMNC और सफदरजंग अस्पताल के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं.)
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं