कई लोगों को रातभर सोने के बाद सुबह उठते ही थका-थका महसूस होता है. वहीं, कुछ लोगों को सुबह उठते ही सिर में तेज दर्द होता है. जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं. दरअसल, आज के समय में सोशल मीडिया पर सिर दर्द और थकान दूर करने के कई तरह के तरीके और उपाय बताये जाते हैं और इससे राहत मिलने का दावा भी किया जाता है. गुरुग्राम के मैरेंगो एशिया हॉस्पिटल्स (MAIINS) के चेयरमैन डॉ. प्रवीण गुप्ता ने HT को बताया, "हर हफ्ते, कोई न कोई मेरे सामने बैठकर पूछता है, 'डॉक्टर, मैं सुबह सिरदर्द के साथ उठता हूं. क्या ये स्ट्रोक है?'
डॉ. प्रवीण गुप्ता के मुताबिक, सुबह होने वाले ज्यादातर सिरदर्द स्ट्रोक नहीं होते. कम नींद, शरीर में पानी की कमी, तनाव, माइग्रेन और नींद में सांस रुकने जैसी समस्याएं इसके आम कारण हो सकते हैं, लेकिन कुछ लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. डॉ. गुप्ता के मुताबिक, कई बार स्ट्रोक बिना किसी दर्द के भी हो सकता है. अचानक चेहरे का एक तरफ झुक जाना, शरीर के एक हिस्से में कमजोरी आना या बोलने में परेशानी होना इसके खास संकेत हैं. इसलिए सिर्फ सिरदर्द को ही स्ट्रोक का लक्षण मानना सही नहीं है.
स्ट्रोक सिर्फ बुजुर्गों को होता है?
अक्सर लोगों को लगता है कि स्ट्रोक का खतरा सिर्फ बुजुर्गों को होता है, लेकिन ऐसा नहीं है आजकल कम उम्र के लोगों में भी स्ट्रोक के मामले सामने आ रहे हैं. हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, धूम्रपान, ज्यादा तनाव और नींद की कमी इसके खतरे को बढ़ा सकते हैं.
लक्षण ठीक हो जाएं तो सब नॉर्मल है
अगर अचानक चक्कर आए, बोलने में परेशानी हो या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो और कुछ मिनट बाद सब सामान्य हो जाए, तो भी इसे हल्के में न लें. ये मिनी स्ट्रोक यानी TIA का संकेत हो सकता है. डॉक्टर के मुताबिक, ये आने वाले बड़े स्ट्रोक की चेतावनी हो सकती है. ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
घरेलू उपाय से ठीक हो जाएगा
स्ट्रोक के लक्षण दिखाई देने पर सोकर ठीक होने का इंतजार न करें. अदरक की चाय या कोई घरेलू नुस्खा इसका इलाज नहीं है. स्ट्रोक में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है. समय पर इलाज मिलने से दिमाग को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें:- BP High रहता है तो सुबह-सुबह बनाकर पी लें ये ड्रिंक, डॉक्टर ने बताया पूरे दिन रहेगा कंट्रोल
यह भी पढ़ें:- टीवी एक्टर अनुज ठाकुर की नींद में दौरा पड़ने से गई जान, जानें क्या है सीजर डिसऑर्डर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं