रात में देखा गया कोई डरावना सपना अचानक आपकी नींद तोड़ दे, दिल तेज धड़कने लगे, पसीना आने लगे और घबराहट महसूस हो, तो ये सिर्फ मानसिक अनुभव नहीं होता. बुरा सपना असल में शरीर में ऐसा रिस्पॉन्स पैदा कर सकता है, जिससे कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है. सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली में कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. अंशुल कुमार जैन का कहना है कि जब व्यक्ति कोई डरावना सपना देख रहा होता है, तब ब्रेन उस काल्पनिक खतरे को भी रियल के खतरे की तरह समझ जाता है. ऐसे में शरीर का फाइट ऑर फ्लाइट सिस्टम एक्टिव हो जाता है. ऐसे में ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट अस्थाई रूप से बढ़ सकते हैं. यहां डॉक्टर से विस्तार से जानते हैं इस बारे में-
डरावने सपने की वजह से क्यों बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर?
डॉ. जैन बताते हैं कि डरावने सपने के दौरान शरीर का सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम एक्टिव हो जाता है. ये वही सिस्टम हैं, जो किसी खतरे की स्थिति में शरीर को लड़ने या भागने के लिए तैयार करता है. इस दौरान शरीर में एड्रेनालिन और नॉरएड्रेनालिन जैसे स्ट्रेस वाले हार्मोन निकलते हैं.
इनके प्रभाव से दिल की धड़कने तेज होना, ब्लड वेसेल्स सिकुड़ना, ब्लड प्रेशर स्थाई रूप से बढ़ जाना, सांसें तेज होना, पसीना आना और मांसपेशियों में स्ट्रेस महसूस करना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. यही वजह है कि बुरे सपने से जागने के बाद कई लोगों को दिल की धड़कन तेज, घबराहट या सीने में जकड़न महसूस होती है.
नींद में हार्ट और ब्लड प्रेशर के साथ क्या होता है?
डॉक्टर अंशुल बताते हैं कि सामान्य रूप से गहरी नींद के दौरान ब्लड प्रेशर कम हो जाता है. हालांकि, पूरी रात शरीर निष्क्रिय नहीं रहता. हार्ट रेट, सांस लेने की गति और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. डॉक्टर का कहना है कि अधिकतर डरावने सपने आरईएम (REM) स्लीप के दौरान आते हैं. ये वो अवस्था होती है, जिसमें दिमाग ज्यादा एक्टिव रहता है और सपने अधिक स्पष्ट दिखाई देते हैं. अगर इसी दौरान सपना इमोशनल स्ट्रेस पैदा कर दे, तो दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर कुछ समय के लिए बढ़ सकते हैं.
क्या इसका मतलब हाई BP है?
डॉ. जैन का कहना है कि सिर्फ किसी बुरे सपने के बाद ब्लड प्रेशर का बढ़ जाना हाईपरटेंशन नहीं माना जाता. हाई ब्लड प्रेशर की पहचान लगातार कई बार लिए गए उच्च रीडिंग के आधार पर की जाती है. इसलिए डरावने सपने से जागने के तुरंत बाद यदि BP थोड़ा बढ़ा हुआ मिले, तो इसे स्थाई बीमारी का संकेत नहीं समझना चाहिए.
बार-बार आने वाले बुरे सपने बन सकते हैं चिंता का कारण
कभी-कभार आने वाला बुरा सपना आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होता. लेकिन अगर डरावने सपने बार-बार आने लगें और नींद की गुणवत्ता खराब कर दें, तो ये फ्यूचर में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है.
लगातार खराब नींद से स्ट्रेस लेवल बढ़ सकता है, हार्मोनल असंतुलन हो सकता है, ब्लड प्रेशर कंट्रोल प्रभावित हो सकता है और हार्ट डिजीज के रिस्क बढ़ सकते हैं. कुछ मामलों में बार-बार आने वाले बुरे सपने एंग्जायटी, डिप्रेशन, PTSD (पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर), कुछ दवाओं के साइड-इफेक्ट या अन्य स्लीप डिसऑर्डर से भी जुड़े हो सकते हैं.
बुरे सपने से जागने पर क्या करें?
डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपको रात में अचानक से बुरे सपने आए, तो कुछ बातों का ध्यान रखें, जैसे-
- धीरे-धीरे और गहरी सांस लें.
- तुरंत BP न जांचें.
- 5 मिनट शांत बैठने के बाद ही माप लें.
- नियमित समय पर सोने और उठने की आदत डालें.
- रात में ज्यादा चाय, कॉफी, निकोटिन और शराब से बचें.
- सोने से पहले मोबाइल और स्क्रीन का उपयोग कम करें.
- बार-बार बुरे सपने आने पर डॉक्टर या स्लीप विशेषज्ञ से सलाह लें.
ये भी पढ़ें - 30 की उम्र में है हाई BP? कोई लक्षण नहीं दिख रहे तो भी हो सकता है ब्रेन स्ट्रोक का खतरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं