फेफड़ों का कैंसर दुनिया में कैंसर से होने वाली मौतों की प्रमुख वजहों में से एक है. हाल ही रिपोर्ट आई है कि भारत में हर तीसरे दिन एक मौत फेफड़ों के कैंसर की वजह से हुई है. इस तरह के आंकडे डरा देने वाले हैं. लंग्स कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती ये है कि ज्यादातर मामलों में इसका पता तब चलता है, जब बीमारी काफी आगे बढ़ चुकी होती है. शुरुआती चरण में अक्सर कोई खास लक्षण नहीं दिखते.
लगातार खांसी, सीने में दर्द, सांस फूलना या खून वाली बलगम जैसे लक्षण सामने आने तक कैंसर बढ़ चुका होता है. लेकिन अच्छी बात ये है कि हाल ही में वैज्ञानिकों ने एक ऐसे ब्लड टेस्ट पर काम शुरू किया है, जो खांसी, सांस फूलने या सीने में दर्द जैसे लक्षण सामने आने से पहले ही कैंसर के संकेत पकड़ सके. हालांकि, ये टेक्नीक अभी रिसर्च के दौर में है, लेकिन इसे कैंसर जांच के फ्यूचर की बड़ी उम्मीद माना जा रहा है. ऐसे में लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि क्या एक ब्लड कैंसर टेस्ट से कैंसर का पता लगा सकते हैं?
इस विषय पर मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर लिमिटेड के कंसल्टेंट मॉलिक्यूलर पैथोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ कुसुरकर का कहना है कि ये ब्लड टेस्ट उम्मीद जगाने वाला है, लेकिन अभी ये तकनीक पूरी तरह तैयार नहीं है. ऐसे में इसपर कुछ भी कहना सही नहीं है.
क्या है ये टेक्नीक
शोधकर्ता अब सिर्फ जीन बदलावों तक सीमित नहीं हैं. नए ब्लड टेस्ट कई बायोलॉजिकल संकेतों को एक साथ जांच रहे हैं, जैसे-
डीएनए मिथाइलेशन: अलग-अलग कैंसर के अलग पैटर्न होते हैं. इन्हें खोजकर कैंसर के संकेत पहचाने जा सकते हैं.
फ्रैगमेंटोमिक्स: ब्लड में मौजूद डीएनए टुकड़ों के आकार और बनावट का विश्लेषण किया जाता है.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI): प्रोटीन और अन्य बायोलॉजिकल संकेतों के जटिल पैटर्न को समझकर कैंसर के संकेत ढूंढ़े जाते हैं.
मल्टी-कैंसर अर्ली डिटेक्शन टेस्ट: एक ही ब्लड सैंपल से कई तरह के कैंसर के संकेत तलाशने की कोशिश की जा रही है.
क्या ये टेस्ट अभी भरोसेमंद हैं?
अभी कई चुनौतियां बाकी हैं. शुरुआती चरण का कैंसर रक्त में बहुत कम मात्रा में डीएनए छोड़ता है, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो जाता है. नेगेटिव रिपोर्ट का मतलब ये नहीं कि कैंसर नहीं है. वहीं, पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर भी कैंसर की पुष्टि के लिए इमेजिंग जांच और कभी-कभी बायोप्सी जरूरी होती है.
सबसे अहम सवाल ये है कि क्या ऐसे टेस्ट सच में लोगों की जान बचाते हैं. इसके लिए बड़े क्लिनिकल ट्रायल्स की जरूरत है, ताकि साबित किया जा सके कि इनसे जल्दी इलाज और बेहतर परिणाम मिलते हैं.
ये भी पढ़ें - अब आवाज बताएगी शुगर का खतरा? AI ने 20 सेकंड में पहचाने टाइप-2 डायबिटीज के संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं