विज्ञापन

अचानक कोई बेहोश हो जाए तो क्या करें? घबराएं नहीं, पहले करें ये काम, वरना बढ़ सकती है परेशानी

क्या आप जानते हैं बेहोशी के पहले कुछ मिनट सबसे अहम होते हैं? न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रोहित गुप्ता का कहना है कि सही फर्स्ट एड से बड़ी परेशानी टाली जा सकती है. इस आर्टिकल में जानें अगर कोई व्यक्ति बेहोश हो जाए तो सबसे पहले क्या करें.

अचानक कोई बेहोश हो जाए तो क्या करें? घबराएं नहीं, पहले करें ये काम, वरना बढ़ सकती है परेशानी
बेहोशी में किसी की मदद कैसे करें.
NDTV

कई बार बाजार, ऑफिस, घर या सड़क पर अचानक कोई व्यक्ति बेहोश होकर गिर जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं और बिना सोचे-समझे पानी पिलाने या उसे तुरंत उठाने की कोशिश करने लगते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही गलती मरीज की हालत और खराब कर सकती है? न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रोहित गुप्ता का कहना है कि बेहोश होने पर सबसे जरूरी है सही तरीके से फर्स्ट एड देना. अगर शुरुआत के कुछ मिनटों में सही कदम उठाए जाएं, तो कई बार बड़ी परेशानी टाली जा सकती है. डॉ. गुप्ता ने इससे जुड़ी कुछ टिप्स शेयर भी की हैं.

बेहोश होते ही सबसे पहले क्या करें?

अगर आपके सामने कोई व्यक्ति अचानक गिर जाए और बेहोश लगे, तो सबसे पहले ये देखें कि वो होश में है या नहीं. उसका नाम लेकर आवाज दें या कंधे पर हल्के से हाथ रखकर रिएक्शन चैक करें. अगर कोई जवाब नहीं मिलता, तो उसे जमीन पर सीधा लिटा दें. इसके बाद उसके पैरों को थोड़ा ऊपर उठा दें. ऐसा करने से दिमाग तक खून का फ्लो बेहतर होता है और कई बार व्यक्ति जल्दी होश में आ जाता है. इसके बाद उसके आसपास भीड़ न लगने दें. ताजी हवा आने दें और अगर उसने टाइट कपड़े पहन रखे हैं, जैसे टाई, बेल्ट या गले के आसपास कुछ कसा हुआ है. तो उसे ढीला कर दें ताकि उसे आराम से सांस लेने में दिक्कत न हो.

ये गलतियां बिल्कुल न करें-

बेहोश व्यक्ति के मुंह में पानी डालना, जूस पिलाना या कोई दवा देना सबसे बड़ी गलतियों में से एक है. बेहोशी की हालत में वो ठीक से निगल नहीं पाता और पानी सांस की नली में जा सकता है. जिससे खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा उसे झटके से उठाकर बैठाने या खड़ा करने की कोशिश भी न करें. कई लोग सोचते हैं कि ऐसा करने से व्यक्ति जल्दी ठीक हो जाएगा. लेकिन इससे वो दोबारा गिर सकता है और चोट लगने का खतरा भी बढ़ जाता है.

सांस जरूर जांचें, जरूरत पड़े तो CPR दें-

अगर व्यक्ति बेहोश है, तो ये भी देखें कि उसकी सांस नॉर्मल चल रही है या नहीं. अगर सांस नहीं आ रही है या लेने में बहुत परेशानी हो रही है, तो तुरंत सीपीआर (CPR) शुरू करना चाहिए. अगर आपको सीपीआर देना नहीं आता, तो तुरंत एंबुलेंस बुलाएं और आसपास किसी ट्रेंड व्यक्ति की मदद लें.

कब तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए?

अगर व्यक्ति एक मिनट से ज्यादा समय तक बेहोश रहे, बार-बार बेहोश हो रहा हो या होश में आने के बाद भी उसकी तबीयत ठीक न लगे, तो इसे हल्के में बिल्कुल न लें. अगर सीने में दर्द हो, सांस लेने में दिक्कत हो, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो या सिर पर चोट लगी हो. तो बिना देर किए डॉक्टर के पास जाएं. कई बार बेहोशी सिर्फ कमजोरी की वजह से नहीं, बल्कि हार्ट, ब्रेन या किसी दूसरी सीरियस प्रॉब्लम का संकेत भी हो सकती है. ऐसे में समय पर इलाज ही सबसे बड़ा बचाव है.

ये भी पढ़ें- सिर्फ सनस्क्रीन नहीं, टैनिंग और स्किन डैमेज से बचने के लिए अपनाएं ये हेल्दी आदतें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fainting, First Aid, Fainting Causes, Fainting Risk Factors, Fainting Treatment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com