Sugar Alternatives For Gut Health: मीठा खाना भला किसे पसंद नहीं खासकर भारतीयों को तो मीठे से एक अलग ही लगाव है. कोई भी खुशी का मौका हो यहां सबसे पहले मुंह मीठा कराया जाता है. आज की हमारी भागदौड़ भरी जिंदगी में चीनी (Sugar) हमारी लाइफ का एक बहुत बड़ा हिस्सा बन चुकी है. सुबह की चाय से लेकर पैकेट वाले जूस, कोल्ड ड्रिंक्स, बिस्कुट, नाश्ते के सेरल्स (cereals) और यहां तक कि खुद को 'हेल्दी' कहने वाले स्नैक्स में भी ऐडेड शुगर (ऊपर से मिलाई गई चीनी) चुपके से हमारी डाइट में शामिल हो जाती है. कभी-कभार कुछ मीठा खाना बिल्कुल ठीक है, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि रोज-रोज बहुत ज्यादा मीठा खाना सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह आपके पेट की सेहत यानी गट हेल्थ (Gut Health) को भी पूरी तरह से तबाह कर सकता है.
हमारे पेट (gut) के अंदर ट्रिलियंस (लाखों-करोड़ों) छोटे-छोटे बैक्टीरिया रहते हैं, जिन्हें साइंटिफिक भाषा में 'गट माइक्रोबायोम' कहा जाता है. इनमें से कुछ बैक्टीरिया हमारे दोस्त होते हैं जो खाना पचाने और हमें हेल्दी रखने में मदद करते हैं, जबकि कुछ बैक्टीरिया ऐसे होते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं. एम्स (AIIMS), हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से ट्रेनिंग ले चुके जाने-माने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में एक ऐसी ही आम चीज के बारे में बताया है, जो पेट के बुरे बैक्टीरिया का पसंदीदा खाना है और वो चीज है 'ऐडेड शुगर'.
ज्यादा चीनी खाने से पेट में क्या होता है?
डॉ. सौरभ सेठी ने वीडियो में बहुत ही आसान शब्दों में समझाया है, "ज्यादा मात्रा में चीनी खाने से आपके पेट के माइक्रोबायोम का बैलेंस बिगड़ जाता है. इसकी वजह से पेट में गैस बनना, ब्लोटिंग (पेट फूलना) और बार-बार मीठा खाने की क्रेविंग जैसी समस्याएं होने लगती हैं. इसके साथ ही डॉक्टर ने यह भी बताया कि बहुत ज्यादा चीनी खाने से पेट की अंदरूनी परत (gut lining) में सूजन (inflammation) भी आ सकती है. इसे अगर बिल्कुल आसान भाषा में समझें, तो जब आप ज्यादा मीठा खाते हैं, तो पेट के अंदर मौजूद नुकसानदेह (बुरे) बैक्टीरिया को ढेर सारा फ्यूल यानी खाना मिल जाता है. इससे उनकी संख्या तेजी से बढ़ने लगती है और पेट का पूरा सिस्टम गड़बड़ा जाता है. नतीजा यह होता है कि इंसान को बार-बार पेट फूला हुआ महसूस होता है और असहजता बनी रहती है. यही नहीं, बुरे बैक्टीरिया के बढ़ने से मीठा खाने की इच्छा (cravings) और ज्यादा तेज हो जाती है, जिससे इंसान एक ऐसे चक्रव्यूह में फंस जाता है जिससे निकलना मुश्किल हो जाता है.
चीनी कम करने से पेट में क्या सुधार दिखेंगे?
डॉक्टर सेठी के मुताबिक आपको अपनी सेहत में ये बड़े और पॉजिटिव बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
बैलेंस्ड पेट के बैक्टीरिया- पेट के अच्छे और बुरे बैक्टीरिया का संतुलन फिर से ठीक होने लगता है.
पेट फूलने- गैस और ब्लोटिंग की समस्या धीरे-धीरे कम हो जाती है.
मीठे की कम क्रेविंग- बार-बार मीठा खाने की जो तलब उठती है, उस पर कंट्रोल होने लगता है.
बेहतर डाइजेशन- आपका पूरा पाचन तंत्र अच्छे से काम करने लगता है और खाना सही से पचता है.
मीठे के शौकीनों के लिए डॉक्टर का आसान फॉर्मूला-
अगर आपको मीठा खाने की बहुत ज्यादा आदत है, तो डॉक्टर सेठी ने इसके लिए एक बेहद सिंपल और असरदार टिप दी है. उन्होंने कहा है कि जब भी आपका मन मीठा खाने का करे, तो प्रोसेस्ड शुगर या डिब्बाबंद मीठी चीजों की तरफ भागने के बजाय 'साबुत फल' (whole fruits) खाएं. फलों में भी नेचुरल शुगर होती है, लेकिन इसके साथ उनमें भरपूर मात्रा में फाइबर (fibre) पाया जाता है. यह फाइबर हमारे शरीर में शुगर के पचने की स्पीड को धीमा कर देता है. यही वजह है कि पैकेट वाली मीठी चीजों के मुकाबले फल हमारे पेट की सेहत को ज्यादा बेहतर तरीके से सपोर्ट करते हैं.
ये भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं शहतूत के फल और पत्तियों के सेवन से क्या होता है?
मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं