विज्ञापन

Haryana: पति ने झगड़े के बाद स्कूल टीचर पत्नी की छाती पर प्रेस मारी, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या

वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं. पढ़ें संयम जैन की यह रिपोर्ट.

Haryana: पति ने झगड़े के बाद स्कूल टीचर पत्नी की छाती पर प्रेस मारी, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या
घरेलू झगड़ में पति ने पत्नी की हत्या कर दी. (फाइल फोटो)
NDTV Reporter

Hisar News: हरियाणा के हिसार शहर का पॉश इलाका सेक्टर-13 शुक्रवार की शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात से दहल उठा. यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान 36 वर्षीय सोनिया के रूप में हुई है, जो शहर के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति सौरभ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

विवाद के बीच क्रूरता की सारी हदें पार

जानकारी के अनुसार, सोनिया और सौरभ के बीच पिछले काफी समय से घरेलू कलह चल रही थी. शुक्रवार को यह विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया जब सोनिया अपने मायके जाने की तैयारी कर रही थी. उनकी बेटी पहले से ही ननिहाल में थी. इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर सौरभ ने सोनिया पर हमला कर दिया. आरोपी ने न केवल सोनिया का गला घोंटा, बल्कि उसकी छाती पर प्रेस (इस्त्री) से वार भी किया. इस भीषण यातना के कारण सोनिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

परिजनों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

घटना का खुलासा तब हुआ जब सोनिया ने परिजनों के फोन उठाने बंद कर दिए. अनहोनी की आशंका होने पर जब मायके पक्ष के लोग घर पहुंचे, तो अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि शादी के 8 साल बाद भी सोनिया को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ के अलावा सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है.

तीन महीने पहले भी हुई थी जान लेने की कोशिश

यह पहली बार नहीं था जब सोनिया की जान पर बन आई थी. परिजनों का दावा है कि करीब तीन महीने पहले भी सौरभ ने सोनिया का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की थी. उस समय मामला पंचायत तक पहुंचा था और आपसी समझौते के बाद सोनिया को वापस ससुराल भेज दिया गया था. परिजनों का आरोप है कि यदि उस समय कड़ा कदम उठाया गया होता, तो आज सोनिया जिंदा होती. फिलहाल इस घटना ने एक मासूम बच्ची के सिर से मां का साया छीन लिया है.

सास-जेठ हिरासत में, आरोपी की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की सास और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मुख्य आरोपी सौरभ की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- होटलों में खाना 10% महंगा, सिलेंडर का बिल भी ग्राहकों के सिर फूटेगा! महंगी LPG ही नहीं, 3 और वजहें भी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hisar Crime News, Haryana Teacher Murder, Sector 13 Hisar News, Husband Kills Wife With Iron, Domestic Violence Case Haryana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com