विज्ञापन

हरियाणा सरकार ने 2 आईएएस अधिकारियों को किया सस्पेंड, जानें इनके नाम और वजह

हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. मुख्य सचिव ने इसके आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं. इस कार्रवाई के पीछे क्या वजह है? ये जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर.

हरियाणा सरकार ने 2 आईएएस अधिकारियों को किया सस्पेंड, जानें इनके नाम और वजह
IAS प्रदीप कुमार और IAS राम कुमार सिंह तत्काल प्रभाव से निलंबित, मुख्य सचिव ने जारी किए आदेश (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Haryana News: हरियाणा सरकार ने गुरुवार को दो आईएएस अधिकारियों को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं. इनमें 2011 बैच के आईएएस प्रदीप कुमार-I शामिल हैं, जो वर्तमान में परिवहन विभाग के निदेशक और विशेष सचिव के पद पर तैनात थे. दूसरे अधिकारी 2012 बैच के आईएएस राम कुमार सिंह (आरके सिंह) हैं, जो राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव और पंचकुला विकास प्राधिकरण (PMDA) के अतिरिक्त सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

निलंबन का कारण

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तरफ से जारी आदेश में अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1969 के तहत यह कार्रवाई की गई है. हालांकि आदेश में विस्तृत कारण नहीं दिए गए हैं, लेकिन प्रशासनिक हलकों में यह स्पष्ट है कि करोड़ों रुपये के एक बैंक फ्रॉड मामले में इन अधिकारियों का नाम आने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है. मामले की जांच चल रही है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इन्हें पद से हटाया गया है.

मुख्यालय और भत्ते के नियम

निलंबन के दौरान दोनों अधिकारियों के लिए कुछ शर्तें तय की गई हैं. अब इनका मुख्यालय चंडीगढ़ स्थित मुख्य सचिव कार्यालय (Services-1 Branch) रहेगा. नियमों के अनुसार, ये अधिकारी सरकार की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे. सस्पेंशन की अवधि के दौरान इन्हें केवल नियमानुसार गुजारा भत्ता (Subsistence Allowance) ही दिया जाएगा.

विभागीय स्तर पर होगी जांच

सरकार के इस फैसले की प्रति भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) और महालेखाकार (Accountant General) को भी भेज दी गई है. अब विभागीय स्तर पर मामले की गहराई से जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी या अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी.

ये भी पढ़ें:- हरियाणा में मजदूरों के न्यूनतम वेतन में 35% की बढ़ोतरी, अब हर महीने मिलेंगे 15220 रुपये

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana IAS Suspended News, IAS Pardeep Kumar Suspended, IAS Ram Kumar Singh Suspended, IAS Officers Bank Fraud Case Haryana, Haryana News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com