मौजूदा समय में भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान की 'ए' टीमों के बीच त्रिकोणीय वनडे (Tri-Series) सीरीज जारी है. टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में आज (11 जून 2026) भारतीय 'ए' टीम की भिड़ंत अफगानिस्तान की 'ए' टीम के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला दांबुला में खेला जाएगा. टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान मैदान में सुबह 10 बजे आएंगे. वहीं मैच का लाइव रोमांच आधे घंटे बाद यानी कि 10.30 बजे से देखने को मिलेगा. मैच के दौरान भारतीय टीम की कोशिश रहेगी कि वह इस मुकाबले को भी अपने नाम करे. ऐसे में मुकाबला शुरू हो, बात करें आज के मुकाबले के लिए भारतीय टीम की परफेक्ट प्लेइंग इलेवन क्या हो सकती है? तो वह कुछ इस प्रकार हो सकती है-
प्रभसिमरन सिंह और वैभव सूर्यवंशी कर सकते हैं पारी का आगाज
श्रीलंका 'ए' के खिलाफ पारी का आगाज करते हुए जरूर प्रभसिमरन सिंह और वैभव सूर्यवंशी कुछ खास छाप नहीं छोड़ पाए थे. मगर उनकी उम्दा खेल से हर कोई अच्छी तरह से वाकिफ है. प्रभसिमरन ने आईपीएल 2026 में पंजाब की तरफ से खेलते हुए अपने प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित किया था. वहीं वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी से पूरी दुनिया अच्छी तरह से वाकिफ है. पिछले मुकाबले में वह जरूर धमाका करने से चूक गए थे. मगर इस बार वह लोगों को निराश नहीं करना चाहेंगे.
इन खिलाड़ियों पर रहेगी मध्यक्रम की कमान
मध्यक्रम की कमान विशेष रूप से प्रियांश आर्य, अनुभवी बल्लेबाजी ऋतुराज गायकवाड़ और कैप्टन तिलक वर्मा के कंधों पर रहेगी. पिछले मुकाबले में इन तीनों ही बल्लेबाजों ने दोनों ओपनरों के सस्ते में आउट होने के बाद भारतीय पारी को बखूबी संभाला था. श्रीलंका 'ए' के खिलाफ तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए प्रियांश आर्य 32 गेंद में 32, गायकवाड़ 114 गेंद में 101 और तिलक वर्मा 97 गेंद में 60 रन बनाने में कामयाब हुए थे.
चार ऑलराउंडर के साथ मैदान में उतर सकती है भारतीय टीम
अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ भी भारतीय टीम चार ऑलराउंडर खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर सकती है. जिसमें आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अनुकूल रॉय और विपराज निगम का नाम शामिल हो सकता है. ये चारो ही खिलाड़ी बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी धमाल मचाने में महिर हैं. पिछले मुकाबले में बडोनी छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में 24, सूर्यांश 14 गेंद में नाबाद 26 और अनुकूल रॉय दो गेंद में नाबाद एक रन बनाने में कामयाब हुए थे. विपराज को बल्लेबाजी का अवसर प्राप्त नहीं हुआ था. गेंदबाजी के दौरान बडोनी, अनुकूल और विपराज को क्रमशः दो-दो सफलता हाथ लगी थी. सूर्यांश विकेट चटकाने में नाकामयाब रहे थे.
इन गेंदबाजो को मिल सकता है मौका
अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ गेंदबाजी की मुख्य रूप से कमान अंशुल कंबोज और अरशद खान के कंधों पर रहेगी. ये दोनों ही गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को तहस नहस करने में माहिर हैं.
अफगानिस्तान 'ए' के खिलाफ मैच के लिए भारत 'ए' की संभावित प्लेइंग XI
प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, अनुकूल रॉय, विपराज निगम, अंशुल कंबोज और अरशद खान.
यह भी पढ़ें- IND A vs AFG A : वैभव सूर्यवंशी का आएगा तूफान! अफगानिस्तान A से मुकाबला, जानें भारत में किस चैनल पर आएगा मैच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं