विज्ञापन

गुरुग्राम में PG और Guest House पर चला बुलडोजर एक्शन, सुशांत लोक और साउथ सिटी में कई कमरे सील

गुरुग्राम में रिहायशी मकानों में चल रहे पीजी और गेस्ट हाउस के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है. जिसमें अवैध निर्माण भी तोड़े गए हैं.

गुरुग्राम में पीजी और गेस्ट हाउस के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है.

गुरुग्राम की पॉश कॉलोनियों में रिहायशी मकानों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTCP) ने बड़ी कार्रवाई की है. सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में लगातार दूसरे दिन भी प्रवर्तन अभियान चलाया गया. इस दौरान कई मकानों में संचालित पीजी और गेस्ट हाउस के कमरों को सील किया गया. विभाग ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी.

कई मकानों में कमरों पर लगे ताले

डीटीपी इंफोर्समेंट अमित मंधोलिया ने बताया कि सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में स्थित मकान नंबर 569 की रिहायशी यूनिट्स को सील किया गया. वहीं मकान नंबर 379-A में बड़ी संख्या में कमरों को बंद कराया गया. इसके अलावा मकान नंबर 283-A और 282-A को जोड़कर गेस्ट हाउस के रूप में संचालित किया जा रहा था. विभाग ने यहां कार्रवाई करते हुए कुल 36 कमरों को सील कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि रिहायशी भवनों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के तहत अनुमति नहीं है.

टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप

सुशांत लोक में पहले ही संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे. इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों का पालन नहीं किया गया. जैसे ही इंफोर्समेंट टीम मौके पर पहुंची वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई किरायेदार जल्दबाजी में अपना सामान निकालते नजर आए.
इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने स्टिल्ट एरिया में बनाए गए अवैध कमरों को भी ध्वस्त किया. अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण और नियमों के खिलाफ चल रही गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

DLF फेज-3 समेत अन्य इलाकों पर भी नजर

अमित मंधोलिया ने बताया कि विभाग पिछले कई दिनों से डीएलएफ फेज-3 समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध पीजी और रिहायशी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं वे स्वयं ऐसी गतिविधियां बंद कर दें.

आगे भी जारी रहेगा एक्शन

विभाग का कहना है कि गुरुग्राम की रिहायशी कॉलोनियों में पीजी, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है. जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा वहां सीलिंग, तोड़फोड़ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के इस अभियान से साफ है कि अब रिहायशी क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियां चलाना आसान नहीं होगा.

यह भी पढ़ें- सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD का बड़ा एक्शन, दिल्ली के 1243 PG भवनों की जांच शुरू; 17 प्रॉपर्टी सील

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram News, Haryana News, Guest House
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com