Haryana News: गुरुग्राम के पालम विहार में रिटायर्ड कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 4 बांग्लादेशी बदमाशों का आखिरकार बुधवार को 'सेल्फ-एनकाउंटर' हो गया. पालम विहार क्राइम ब्रांच की टीम जब इन आरोपियों को दबोचने पहुंची, तो पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए इन्होंने बजघेड़ा अंडरपास (Bajghera Underpass) में छलांग लगा दी. ऊंचाई ज्यादा होने की वजह से बदमाशों की यह चाल खुद उन पर ही भारी पड़ गई और चारों के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए.
SP क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि ये आरोपी पालम विहार क्षेत्र में एक और वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही दबोच लिए गए और अब ये भागने के बजाय अस्पताल के बेड पर पहुंच गए हैं.
ग्रिल काटकर घर में घुसे थे
दरअसल, पालम विहार थाना क्षेत्र के सेक्टर-23 में स्थित रिटायर्ड कर्नल के घर यह वारदात 4 जून की रात को हुई थी. शातिर बदमाश मकान की पिछली खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्नल की पत्नी और बेटी को बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने गन पॉइंट पर पूरे घर को खंगाला और वहां रखे सोने व हीरे के गहने, भारी मात्रा में नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे. इस वारदात के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं.
घायल बदमाशों की स्थिति
अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को बजघेड़ा अंडरपास के पास घेर लिया. खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आव देखा न ताव, सीधे अंडरपास में नीचे छलांग लगा दी. इस कदम के कारण चारों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. इस हादसे में मुख्य आरोपी मोहम्मद खैरुल उर्फ अरमान की दोनों टांगों में फ्रैक्चर हो गया, जबकि हिलाल और मामन के एक-एक पैर में तथा मामो खान के एक हाथ में फ्रैक्चर आया है.
सरहद पार भागने से पहले पकड़ा
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है. ये सभी आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं, जो भारत में अवैध रूप से रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे. पुलिस से बचने के लिए इन्होंने दिल्ली के संगम विहार इलाके में किराए पर अपना ठिकाना बना रखा था. ये पहले बड़े और संपन्न मकानों की रेकी करते थे, उसके बाद चोरी, लूट और डकैती डालते थे. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद ये वापस बांग्लादेश फरार हो जाते थे और इस बार भी लूट के बाद इनकी योजना देश छोड़कर भागने की ही थी.
3 राज्यों में 24 केस दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस इंटरनेशनल गैंग पर चोरी, लूट, डकैती, हत्या, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हिलाल पर चोरी, आर्म्स एक्ट और डकैती समेत दिल्ली में अकेले 12 केस दर्ज हैं. वहीं, मोहम्मद खैरुल अरमान पर चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और हत्या समेत हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 8 मामले दर्ज हैं. इसके अलावा, आरोपी मोहम्मद मामन पर चोरी और लूट-डकैती के 3 मामले और मामो खान पर चोरी का 1 मामला दर्ज है. फिलहाल, गुरुग्राम पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इनके अन्य साथियों की तलाश में आगे की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें:- सावधान! आज से 2 दिन आंधी-बारिश और ओले गिरेंगे, यूपी-दिल्ली से हरियाणा-राजस्थान तक 11 राज्यों में मौसम का अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं