Hansi News: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में फव्वारा चौक पर जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में सनसनीखेज मोड़ आ गया है. इस हत्याकांड की जिम्मेदारी अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) ने ली है. गैंग की तरफ से गैंगस्टर हरि बॉक्सर ने एक ऑडियो जारी कर इस कत्ल की जिम्मेदारी कबूली है. हालांकि, एनडीटीवी इस वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है.वायरल ऑडियो में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले हरि बॉक्सर ने कहा है, 'राम-राम सभी भाइयों को, मैं हरी बॉक्सर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से. भाइयों, आज जो हांसी में रेड जिम संचालक कपिल का मर्डर हुआ है,
'दो बार समझाया था, गुंडों वाली फीलिंग ले रहा था'
वायरल ऑडियो में हरि बॉक्सर ने कहा है, मर्डर की जिम्मेदारी मैं, हार्डी धारीवाल, अरमाण चंदू और विक्रम कृडान लेते हैं. इसने शेखपुरा और डानीपूर्या में जो फायरिंग हुई थी, उसमें साजिशकर्ताओं और उन लड़कों का पूरा सहयोग किया था. हमारे भाई सुन्दराशी ने इसे पहले दो बार समझाया भी था, पर यह नहीं माना. इसने बड़े गुंडों वाली फीलिंग ले ली थी. जो भी उस फायरिंग में शामिल था, हम सबको मारेंगे.'
दिल्ली फायरिंग और सलमान खान कनेक्शन का भी दावा
कथित ऑडियो में हरि बॉक्सर ने न सिर्फ हांसी मर्डर, बल्कि दिल्ली में हुई एक और बड़ी वारदात की भी जिम्मेदारी ली है. ऑडियो के मुताबिक, दिल्ली में सिंगर गुरु रंधावा के जिम 'ट्वेंटी फोर आवर्स फिटनेस' पर जो फायरिंग हुई है, उसे उनके छोटे भाइयों अनिल पंडित, हरमन संधू और हार्डी धालिवाल ने अंजाम दिया है. हरि बॉक्सर ने दावा किया, 'उस जिम वाले को भी मैंने फोन करके समझाया था, लेकिन उसके समझ में नहीं आया, क्योंकि वह सलमान खान के साथ बैठकर बहुत ज्यादा करीबी हो रहा था. उसे भी नहीं छोड़ेंगे चाहे कितनी भी सिक्योरिटी क्यों न ले ले.
क्या थी पूरी वारदात?
बता दें कि हांसी में यह पूरी वारदात गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच हुई थी, जब 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल फव्वारा चौक के पास दुकानों के आगे बने रैंप पर युवक-युवतियों को कसरत करवा रहा था. इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार दो शूटर वहां पहुंचे और महज 5 सेकेंड के भीतर कपिल के सिर और पीठ में बिल्कुल नजदीक से .45 बोर के हथियार से 10 राउंड गोलियां दाग दीं. कपिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां वार्म-अप कर रही शिखा नाम की एक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई, जिसका हिसार के अस्पताल में इलाज चल रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
मूल रूप के जींद के रहले वाले कपिल की हत्या में पुरानी रंजिश के एंगल को पुलिस खंगाल ही रही थी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का ये ऑडियो सामने आ गया. अब हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और सीआईए की टीमें इस नए और गंभीर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई हैं.
ये भी पढ़ें:- 5 सेकेंड में 10 गोलियां दाग जिम संचालक की हत्या, वार्म-अप कर रही लड़की भी घायल; कुछ समय पहले हुई थी लव मैरिज
ये भी पढ़ें:- दिल्ली में गुरु रंधावा के जिम में फायरिंग, लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
(इनपुट- संयम जैन)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं