गुजरात में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सिर्फ अगस्त महीने में रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग के 74,242 मामले दर्ज हुए और 5.33 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया. अब पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, बदली हुई या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है, जो 14 अक्टूबर तक चलेगा. गुजरात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है.
अगस्त में दर्ज हुए 74,242 मामले
गुजरात पुलिस के अनुसार 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने के 36,159 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में कुल 3,64,52,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं ओवरस्पीडिंग के 38,083 मामले सामने आए, जिनमें 1,69,26,900 रुपये का जुर्माना लगाया गया. दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 74,242 मामले दर्ज हुए और 5,33,78,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के 10,408 मामले दर्ज किए, जबकि राज्य राजमार्गों और अन्य सड़कों पर 20,813 मामलों में कार्रवाई की गई. इसके अलावा यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ 5,078 मामले दर्ज किए गए, जबकि 580 वाहनों पर सीधे कार्रवाई की गई.
अब नंबर प्लेट पर रहेगा फोकस
गुजरात के पुलिस महानिदेशक (DGP) ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने 1 सितंबर से 14 अक्टूबर तक राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. इस अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि वाहनों की सही पहचान वाहन चोरी रोकने, अपराधों की जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी है.
वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार राज्य ट्रैफिक शाखा के एसपी वी. साहित्य ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर वैध, स्पष्ट और आरटीओ नियमों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाएं. उन्होंने यह भी कहा कि चालक नंबर प्लेट से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, गति सीमा का पालन करें और निर्धारित लेन में ही वाहन चलाएं.
सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि गलत दिशा में वाहन न चलाएं, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर लापरवाही से वाहन खड़ा न करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़कों के निर्माण में सहयोग करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं