विज्ञापन

चाय पिलाया, पोस्टर ढोए... अब बन गए पार्षद, कहानी सुनाकर PM मोदी बोले- भाजपा कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात

अपने खुद के राजनीतिक सफर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को बदल दिया और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के मौके दिए.

चाय पिलाया, पोस्टर ढोए... अब बन गए पार्षद, कहानी सुनाकर PM मोदी बोले- भाजपा कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पीएम मोदी.
NDTV
गांधीनगर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भाजपा के दो ऐसे कार्यकर्ताओं का जिक्र किया, जिन्होंने बहुत साधारण शुरुआत की और आज पार्षद बन गए हैं. इसके जरिए उन्होंने बताया कि कैसे भाजपा जमीनी स्तर पर काम करने वालों को, उनके पद या पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना, आगे बढ़ने के मौके देती है. गुजरात में आयोजित 'दीवाली और नए साल के स्नेह मिलन' कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रमेशभाई भील और अतुलभाई मिस्त्री का उदाहरण दिया. इससे पता चलता है कि भाजपा में पद से ज्यादा काम और समर्पण को अहमियत दी जाती है.

रमेशभाई भील की कहानी बताते हुए पीएम मोदी बोले- यहां काम को अहमियत

उन्होंने कहा कि आपने एक बात जरूर देखी होगी कि भाजपा में पद से ज्यादा कड़ी मेहनत की कद्र होती है. यहां काम को अहमियत दी जाती है, न कि ओहदे को.
रमेशभाई भील के योगदान को याद करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने लगभग तीन दशकों तक भाजपा कार्यालय में पूरे उत्साह के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को चाय पिलाई थी. उन्होंने कहा कि भील, जो अब पार्षद हैं, उन्होंने कई साल पार्टी कार्यालय में काम करते हुए बिताए हैं.

भाजपा पोस्टर ढोते-ढोते पार्षद बने अतुलभाई मिस्त्री

प्रधानमंत्री मोदी ने मिस्त्री का भी जिक्र किया, जो कभी ऑटो-रिक्शा चलाते थे और चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर व अन्य चुनावी सामग्री पहुंचाने में मदद करते थे. उन्होंने कहा कि मिस्त्री भी पार्षद बन गए थे. इन दोनों कार्यकर्ताओं का सफर यह दिखाता है कि जो लोग संगठन और उसके काम के प्रति समर्पित रहते हैं, उन्हें भाजपा में आगे बढ़ने के कितने मौके मिलते हैं.

खुद के राजनीतिक सफर का भी पीएम मोदी ने किया जिक्र

अपने खुद के राजनीतिक सफर को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी ने उनके जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को बदल दिया और उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां संभालने के मौके दिए. प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी में कितने ही लोगों ने मुझे गढ़ने के लिए कड़ी मेहनत की! उन्होंने एक-एक करके मेरी परीक्षा ली और मुझे आगे बढ़ने के अवसर दिए. यह सब सिर्फ भाजपा में ही संभव है.

पीएम मोदी बोले- भाजपा कार्यकर्ता होना सौभाग्य की बात

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता होने को एक 'सौभाग्य' बताया और पार्टी कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों के योगदान को याद किया, जिन्होंने संगठन की परंपराओं और मूल्यों को कायम रखा है. पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तब भी लोगों की सेवा करना जारी रखा, जब पार्टी के पास बहुत कम राजनीतिक ताकत थी और चुनावी जीत दूर की कौड़ी लगती थी.

प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास में योगदान के लिए गुजरात के भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की बदौलत ही पार्टी राज्य, देश और कई अन्य राज्यों की सेवा कर पाई है.

यह भी पढ़ें - 'क्या ये कमाल की बात नहीं है?', PM मोदी से बातचीत का जिक्र कर भारत की तारीफ में क्या-क्या बोले पुतिन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi News, Gujarat BJP, BJP Worker, Gujarat News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com