विज्ञापन

गोली मारो, चाकू से गोद डालो, या नंगे होकर भागो; कोलकाता के पिता-पुत्र को हैवानों ने दिए थे तीन रास्ते

कोलकाता के सरसुना नग्न परेड मामले में पीड़ित युवक का बयान सामने आया है, जिसमें उसने अपहरण, मारपीट और सार्वजनिक अपमान की पूरी कहानी बताई.

गोली मारो, चाकू से गोद डालो, या नंगे होकर भागो; कोलकाता के पिता-पुत्र को हैवानों ने दिए थे तीन रास्ते
कोलकाता में पीड़ित युवक का बयान सामने आया है.

कोलकाता के सरसुना इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक और उसके पिता को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सुर्खियों में है. इसमें आरोप था कि लड़की के परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाए और उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें घटनास्थल समेत विभिन्न जगहों पर ले जाकर उन्हें भी इसी तरह कपड़े उतारकर घुमाया था. इस बीच अब पीड़ित युवक का बयान सामने आया है, जिसमें उसने पूरी घटना, धमकियों और सार्वजनिक अपमान की आपबीती सुनाई है.

पीड़ित युवक ने बताया, "मैं सिर्फ उससे मिलने गया था. मैं उसका हाथ पकड़कर उससे बात कर रहा था. तभी उसके मामा के एक दोस्त ने हमें देख लिया और कहा, 'रुक, तेरी खैर नहीं, अब देख तेरे साथ क्या होता है.' उसने लड़की को वहां से जाने के लिए कहा. लड़की ने उससे कहा कि मेरे साथ कुछ मत करो, मेरी कोई गलती नहीं है और अपने मामा को भी फोन मत करो. वह खुद भी वहां से नहीं गई.

इसके बावजूद उस व्यक्ति ने लड़की के मामा को फोन कर दिया. कुछ देर बाद उसके मामा वहां पहुंच गए. फिर उन्होंने लड़की के पिता को बुलाया और वे भी मौके पर आ गए. लड़की के पिता ने मुझसे कहा कि मैं अपने पिता को वहां बुलाऊं. मैंने अपने पिता को फोन करके बताया कि मैं मुसीबत में हूं और तुरंत वहां आ जाएं.

मेरा एक दोस्त भी पास में चाय पी रहा था. उसने यह सब देखा तो वह भी हमारे पास आ गया. लड़की के मामा और पिता ने हमसे पूछा कि क्या हम दोस्त हैं. जब हमने 'हां' कहा तो उन्होंने मेरे दोस्त को भी पकड़ लिया.

इसके बाद हमें बाइक पर बैठाकर लड़की के घर ले जाया गया. वहां पहुंचते ही उन्होंने हमारी कॉलर पकड़कर हमें घर के अंदर घसीट लिया और दरवाजा बंद कर दिया. अंदर हमारे साथ गाली-गलौज की गई, मारपीट की गई और प्रताड़ित किया गया. जब लड़की ने कुछ कहने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया और धमकियां दी गईं.

जब मेरे पिता वहां पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई. इसके बाद लड़की के मामा ने मेरे पिता के सामने तीन विकल्प रखे. पहला, उन्हें एक पिस्तौल देकर कहा गया कि वे मुझे गोली मार दें. दूसरा, उन्हें एक चाकू देकर कहा गया कि उसे गर्म करें और मुझे मार डालें. तीसरा, हम अपने कपड़े उतारकर वहां से चले जाएं, नहीं तो हम पर पॉक्सो (POCSO) का मामला दर्ज करा दिया जाएगा.

शुरुआत में हम कपड़े उतारने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन लड़की के पिता और मामा लगातार मारपीट और धमकियां दे रहे थे. आखिरकार मजबूर होकर हमने कपड़े उतार दिए. जैसे ही हम निर्वस्त्र हुए, आसपास के लोग हमारा मजाक उड़ाने लगे और वीडियो बनाने लगे. उन वीडियो को बाद में फेसबुक पर भी डाल दिया गया.

कुछ लोगों ने हमें उस हालत में देखा और पूछा कि क्या हुआ है. पूरी बात जानने के बाद वे हमारे लिए कपड़े लेकर आए. हमने कपड़े पहने और लड़की की मां से वीडियो हटवाने की गुजारिश की, लेकिन लड़की के मामा ने धमकी दी कि वीडियो नहीं हटाए जाएंगे. उन्होंने यह भी कहा कि अगर हम वहां से नहीं गए तो हमें गोली मार दी जाएगी.

इसके बाद हम वहां से चले गए. लड़की के मामा और उनके साथी फरार हो गए और अपने फोन बंद कर लिए. लड़की का पिता घर में ही छिपा हुआ था, लेकिन पुलिस हमें कहती रही कि वह वहां नहीं है. बाद में वह उसी घर में मिला. मैं लड़की से जिम में मिला था. हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे. हमने अपने परिवारों को अपने रिश्ते के बारे में कुछ नहीं बताया था."

यह भी पढ़ें-  कोलकाता में नाबालिग और पिता को निर्वस्त्र घुमाया, अब पुलिस ने आरोपियों को अर्धनग्न कर किया सीन रिक्रिएट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata, Sarsuna Case, West Bengal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com