विज्ञापन

90 मिनट में मुंबई से पुणे, नए एक्सप्रेसवे से बेंगलुरू तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, नवंबर में निकलेगा टेंडर

Mumbai-Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर काम जल्द शुरू होने वाला है. 130 किलोमीटर का यह लंबा हाईवे महाराष्ट्र के लिए उपयोगी साबित होगा, जो मुंबई से लेकर बेंगलुरु तक शानदार कनेक्टिविटी देगा.

90 मिनट में मुंबई से पुणे, नए एक्सप्रेसवे से बेंगलुरू तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी, नवंबर में निकलेगा टेंडर
Mumbai Pune New Expressway: मुंबई-पुणे के बीच बनेगा नया एक्सप्रेसवे (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
  • मुंबई-पुणे के बीच एक और नया 130 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा.
  • नया हाईवे बनने से मुंबई से पुणे का सफर तीन घंटे से घटकर डेढ़ घंटे में पूरा हो जाएगा.
  • मुंबई से बेंगलुरु की दूरी इस एक्सप्रेसवे से 7 घंटे में पूरी होगी और पुणे से बेंगलुरु का सफर 5 घंटे में होगा.

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का नया हाईवे शुरू होने से दोनों शहरों को बड़ा फायदा मिलेगा, जहां मुंबई और पुणे की बेंगलुरू तक शानदार कनेक्टिविटी हो जाएगी. इसके बनने के बाद मुंबई से बेंगलुरु का सफर 7 घंटे में पूरा हो जाएगा. जबकि पुणे से बेंगलुरु का रास्ता भी 5 से 7 घंटे के बीच ही पूरा हो होगा. मुंबई और पुणे के बीच यह तीसरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा. जो मौजूदा एक्सप्रेसवे के समानांतर होगा और इसके बनने के बाद मुंबई से पुणे का सफर जो अभी 3 घंटे में पूरा होता है, वह घटकर सिर्फ 90 मिनट यानी डेढ़ घंटे का रह जाएगा. इस प्रोजेक्ट के लिए NHAI ने डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के लिए बोलियां बुलाई थी.  बोलियां खोलने की तारीख को बढ़ाकर 27 नवंबर 2026 कर दिया गया है. माना जा रहा है कि बोलियां पूरी होने के बाद काम में तेजी आने की उम्मीद है. 

130 किलोमीटर लंबा होगा नया मुंबई-पुणे हाईवे 

मुंबई से पुणे के बीच बनने वाले नए एक्सप्रेसवे की कुल दूरी 130 किलोमीटर होगी. इसे पूरी तरह ग्रीनफील्ड यानी नए सिरे से, नई जमीन पर बनाया जाएगा, यह 8-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा, जिस पर रोजाना करीब 3 लाख वाहनों के चलने की क्षमता होगी. अनुमानित लागत करीब 15,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस प्रोजेक्ट की घोषणा खुद केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की थी, गडकरी को मौजूदा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का आर्किटेक्ट माना जाता है, जो 2002 में शुरू हुआ था.  NHAI ने इस पूरे प्रोजेक्ट को दो फेज में बांटा है. इसी हिसाब से काम शुरू होगा. 

मुंबई-पुणे हाईवे का पहला फेज

मुंबई-पुणे के बीच बनने वाले नए एक्सप्रेसवे का पहला फेज जो पागोटे से चौक के बीच होगा. यह करीब 30 किलोमीटर का हिस्सा है. यह JNPA के पास पागोटे से शुरू होकर चौक तक जाएगा. इस हिस्से को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है. इसके लिए करीब 4,500 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है. इसमें सह्याद्रि के बीच से दो टनल भी बनेंगी. इसका प्रोजेक्ट में एड किया गया है. वहीं दूसरा फेज करीब 100 किलोमीटर का होगा. इसी हिस्से के लिए अभी DPR और फिजिबिलिटी के लिए बोलियां मांगी गई हैं. यही इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा हिस्सा है.

महाराष्ट्र के इन जिलों को फायदा

  • मुंबई
  • नवी मुंबई
  • पनवेल
  • रायगढ़ 
  • पुणे 
  • भोर
  • शिरवल
  • शिवरे

मुंबई-पुणे-बेंगलुरु के बीच कनेक्टिविटी

इस नए हाईवे से मुंबई, पुणे और बेंगलुरु के बीच शानदार कनेक्टिविटी होने वाली है. अभी यह पूरा कॉरिडोर टुकड़ों में बंटा हुआ है। मुंबई से पुणे तक पुराना एक्सप्रेसवे, पुणे से बेंगलुरु तक NH-48। NH-48 पर कोल्हापुर, बेलगावी, हुबली, चित्रदुर्ग, तुमकुरु जैसे शहरों का ट्रैफिक, सिग्नल, टोल और घाट-सेक्शन सब मिलकर सफर को लंबा कर देते हैं. नया नेटवर्क बनने के बाद यह चेन कुछ इस तरह से होगी, अटल सेतु (मुंबई), पागोटे चौक, पुणे आउटर रिंग रोड, पुणे-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे से होते हुए बेंगलुरु सैटेलाइट रिंग रोड से जुड़ जाएगा. यानी मुंबई से निकलने वाला वाहन पुणे शहर के अंदर घुसे बिना, आउटर रिंग रोड से सीधे बेंगलुरु वाले एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाएगा. 

मुंबई से पुणे 90 मिनट में 

इस हाईवे के बनने के बाद मुंबई से पुणे का सफर भी महज 90 मिनट में पूरा होगा, क्योंकि अभी दोनों शहरों के बीच 130 किलोमीटर की दूरी पूरा करने में 3 से 4 घंटे का समय लग जाता है, जिसकी वजह जाम होती है. लेकिन नया ग्रीनफील्ड हाईवे बनने से जाम से निजात मिलेगी और सफर जल्दी पूरा होगा. इसलिए माना जा रहा है कि 2027 में सरकार इस पर काम तेजी से पूरा करेगी और डीपीआर के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर फोकस किया जाएगा. 

महाराष्ट्र की बेंगलुरू तक मेगा कनेक्टिविटी

वहीं इस हाईवे से बेंगलुरू तक कनेक्टिविटी मजबूत होगी. जिससे पुणे से बेंगलुरू का सफर जो अभी 14 से 16 घंटे में होता है, वह 5 से 7 घंटे में पूरा होगा. क्योंकि इस हाईवे के बनने के बाद दोनों शहरों के बीच की दूरी में 100 से 120 किलोमीटर की दूरी भी कम होगी. वहीं मुंबई से भी बेंगलुरू के बीच की दूरी 830 किलोमीटर से 850 किलोमीटर की होगी, जिसे पूरा करने में 6 से 7 घंटे का समय लगेगा. 

पुणे-बेंगलुरु एक्सप्रेसवे महाराष्ट्र के 3 और कर्नाटक के 9 जिलों से गुजरेगा, पुणे, सतारा, सांगली, बेलगावी, बागलकोट, गडग, कोप्पल, विजयनगर, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, बेंगलुरु ग्रामीण. ये जिले अभी NH-48 पर निर्भर हैं, बाद में सीधे एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगे.  पूरा कॉरिडोर एक्सेस-कंट्रोल्ड होगा, यानी बीच में गांव, सिग्नल, क्रॉसिंग नहीं होगी. 120 kmph की डिजाइन स्पीड पर गाड़ियां लगातार चलेंगी. 

ये भी पढे़ंः गंगा नदी पर 10 KM लंबा नीतीश सेतु तैयार, पटना-वैशाली ही नहीं, सीतामढ़ी-समस्‍तीपुर-दरभंगा तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai-Pune Expressway, Mumbai-Pune Expressway News, Maharashtra Road Project, Mumbai To Pune Expressway, Mumbai Pune Distance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com