गुजरात के सूरत जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. भेसाण गांव में रहने वाले 13 वर्षीय एक छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बच्चा मोराभागल स्थित स्वामीनारायण स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था.
घटना वाले दिन घर में भाई-बहन के बीच सामान्य नोकझोंक और मस्ती के दौरान विवाद हो गया था. बच्चों के झगड़े को देखकर मां ने दोनों को डांट दिया. उस समय किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह मामूली बात इतने बड़े हादसे में बदल जाएगी.
जरूरी काम से बाहर गई थीं मां
परिजनों के मुताबिक, बच्चों को समझाने के बाद मां पैन कार्ड और आधार कार्ड से जुड़े एक जरूरी काम के लिए घर से बाहर चली गई थीं. करीब 15 से 20 मिनट बाद जब वह घर लौटीं तो उनका बेटा फंदे से लटका हुआ मिला. यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई.
अस्पताल ले गए पर नहीं बच सकी जान
परिजनों ने तुरंत बच्चे को नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया.
मृतक किशोर के रिश्तेदार राकेशभाई ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि घर में दोनों भाई-बहन के बीच सामान्य झगड़ा हुआ था, जिसके चलते मां ने दोनों को डांटा था. मां आधार कार्ड और पैन कार्ड से जुड़ा काम पूरा करने गई थीं और वापस लौटीं तो बेटे ने फांसी लगा ली थी. राकेशभाई ने माता-पिता से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें और उन पर ध्यान दें. इतनी कम उम्र में बच्चे किसी बात को लेकर इतना बड़ा कदम न उठा लें, इसके लिए माता-पिता को बच्चों से लगातार बातचीत करते रहना चाहिए.
यह भी पढ़ें- 14 साल पहले जहां हुई थी बेटे की हत्या, पिता ने वहीं किया सुसाइड; परिजन बोले- न्याय नहीं मिलने से थे परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं