- गुजरात के अहमदाबाद में लगातार मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है
- मौसम विभाग ने गुजरात के पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट और 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है
- अहमदाबाद के बोपल, पकवान, शिलज, घुमा मानसी सर्कल और शेला इलाकों में भारी बारिश से जलभराव हो गया है
गुजरात में मौसम अपना रौद्र रूप दिखा रहा है. इतनी भयानक बारिश हो रही है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. अहमदाबाद का हाल तो और भी बुरा है. मूसलाधार बारिश से हर तरफ सड़कें पानी से लबालब हैं. ये अदाजा लगा पाना मुश्किल हो रहा है कि ये तालाब हैं या सड़कें हैं. गरज और बिजली के साथ हो रही भयंकर बारिश की वजह से हर तरफ पाी भरा हुआ है. सबसे ज्यादा परेशानी रोजाना काम पर जाने वालों और स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है.
अहमदाबाद में मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों तक गुजरात के कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ये चेतावनी 9:24 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक के लिए जारी की गई है. मौसम विभाग ने गुजरात के 5 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, 22 जिलों के लए येलो अलर्ट जारी किया है.

गुजरात के इन जिलों में रेड अलर्ट
- अरावली
- बनासकांठा
- महिसाणा
- पाटन
- सबरकांठा
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
- अहमदाबाद
- दहोद
- गांधीनगर
- कच्छ
- खेरा
- महिसागर
- मोरबी
- पंचमहल
- सुरेंद्रनगर

अहमदाबाद में सड़कें बनीं तालाब
अहमदाबाद के बोपल,पकवान, शिलज, घुमा मानसी सर्कल, शेला समेत कई इलाकों में जमकर हो रही बारिश ने जन जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. भीषण बारिश के ये दौर गुरुवार रात से जारी है. सुबह से भी बारिश से राहत नहीं मिली है. लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़कें जलमग्न हो गई हैं. क्या बच्चे और क्या बड़े, सभी को काफी परेशानी हो रही है.

बारिश के पानी से सड़कें लबालब, फंसे वाहन
बारिश के चलते सड़कों पर लंबा जाम लगा हुआ है. वाहन फंस गए हैं. काफी कोशिशों के बाद उनका बाहर निकाला जा रहा है. कई जगहों पर जलभराव की स्थिति खतरनाक है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को अलर्ट रहने और बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने को कहा है.

स्कूली बच्चों को भी बारिश के पानी की वजह से काफी पेरशानी हुई. उनको सड़कों पर घुटने से ऊपर भरे पानी में होकर स्कूल जाना पड़ा. वहीं रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकलने वालों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. क्या सड़कें क्या बस स्टॉप सब पानी में डूबा हुआ है.
ये भी पढे़ं-मॉनसून ने विदाई से पहले ली अंगड़ाई, दिल्ली-यूपी समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, केदारनाथ में बर्फबारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं