अमरूद की कोमल पत्तियों को अक्सर आपने अपनी दादी-नानी या फिर आसपास रहने वाले बुजुर्गों को खाते हुए देखा होगा. इन लोगों को इस तरह की पत्तियां खाते ही अक्सर हम में सवाल जरूर आया होगा कि आखिर ये इन पत्तियों को क्यों खा रहे हैं? अगर आपके मन में भी ये सवाल उठता है, तो यहां आपको इसका जवाब मिलेगा. दरअसल, अमरूद की पत्तियों में कई तरह के औषधीय गुण होते हैं, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-इंफ्लेमेटरी, एंटी-डायबिटीक इत्यादि. इन्हीं गुणों के कारण अगर आप नियमित रूप से अमरूद के पत्तों को सेवन करते हैं, तो इससे कई तरह की समस्याएं दूर हो सकती हैं. यहां जानते हैं अमरूद के पत्तों का नियमित रूप से खाली पेट सेवन करने से क्या होता है?
अपच और गैस की परेशानी से दिलाए राहत
नियमित रूप से अगर आप खाली पेट अमरूद की पत्तियों को चबाते हैं, तो इससे गैस और अपच जैसी परेशानी से छुटकारा मिल सकता है. दरअसल, इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाए रखने में प्रभावी हो सकते हैं. इसका सेवन करने से गैस और कब्ज जैसी परेशानी से छुटकारा मिल सकता है.
ब्लड शुगर कर सकता है कंट्रोल
कुछ रिसर्च में पाया गया है कि नियमित रूप से अमरूद के पत्तों को चबाने से शरीर में ग्लूकोज के अवशोषण को धीमा करने में मदद कर सकते हैं. यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों के बीच अमरूद की पत्तियों की चाय और पत्तियां काफी लोकप्रिय हैं. हालांकि ध्यान रखें कि इसे दवा के रूप में इस्तेमाल न करें.
वजन घटाने में है मददगार
अमरूद के पत्तों को अगर आप चबाते हैं, तो इससे वजन कम होने में मदद मिल सकती है. दरअसस, अमरूद की पत्तियां जटिल कार्बोहाइड्रेट को शुगर में बदलने की प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं, जिससे भूख कम लग सकती है और वजन कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है.
मुंह और दांतों की सेहत के लिए फायदेमंद
अमरूद की पत्तियों में मौजूद एंटीमाइक्रोबियल गुण मुंह के बैक्टीरिया को कम करने में मदद कर सकते हैं. खाली पेट इन्हें चबाने से सांसों की दुर्गंध कम हो सकती है और मसूड़ों को भी लाभ मिल सकता है.
इम्यूनिटी को मिल सकता है सपोर्ट
अमरूद के पत्तों को चबाने से आपकी इम्यून पावर बूस्ट हो सकती है. दरअसल, इसकी पत्तियों में विटामिन C, फ्लेवोनॉयड्स और अन्य एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने और इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखने में प्रभावी हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें - भूख लगे तो चिप्स और नमकीन नहीं, शेफ का ये चटपटा अमरूद करें ट्राई, मिलेंगे कई फायदे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं