कैसे बनाएं स्पेशल तुरई की ग्रेवी. (Image @bharatzkitchenHIND)
हरी सब्जियों को सेहत का खजाना कहा जाता है और तुलई उन्हीं में से एक है. लेकिन जब भी इस सब्जी की बात आती है, घर के बच्चे से लेकर बड़े तक नाक मुंह बनाने लगते हैं. कई बार यह सब्जी बहुत ज्यादा पानी-पानी या फिर बेस्वाद बन जाती है, जिसके कारण लोग इसे खाना पसंद नहीं करते.
अगर आपके घर में भी तुरई खाने से सब भागते हैं, तो परेशान न हो आज हम आपके लिए एक ऐसी रेसिपी लेकर आए हैं जिसे चाट-चाट कर खाएंगे बड़े और बच्चे. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना, शेफ भरत (Bharatzkitchen HINDI) के यूट्यूब चैनल पर इस रेसिपी को शेयर किया है.
कैसे बनाएं टेस्टी और गाढ़ी ग्रेवी वाली तुरई की सब्जी-
सामग्री-
- तुरई 500 ग्राम-
- सरसों का तेल 2.5 बड़ी चम्मच
- जीरा 3/4 छोटी चम्मच
- सौंफ 1/2 छोटी चम्मच
- हींग 1/4 छोटी चम्मच
- प्याज 2 (लंबे कटे हुए)
- हरी मिर्च 3
- अदरक 1 इंच
- हल्दी पाउडर 1/2 छोटी चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर1 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर 2 छोटी चम्मच
- तीखी लाल मिर्च पाउडर 1/4 छोटी चम्मच
- नमक 3/4 छोटी चम्मच
- टमाटर 1
- गरम मसाला 1/2 छोटी चम्मच
- भुना जीरा पाउडर 1/2 छोटी चम्मच
- अमचूर पाउडर 1/4 छोटी चम्मच
विधि-
- सबसे पहले तुरई को अच्छे से धो लें. इसे छीलते समय ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा गहराई से न छीलें, हल्का हरा हिस्सा रहने दें.
- इसके बाद तुरई को बहुत छोटा नहीं, बल्कि थोड़ा मोटा-मोटा गोल आकार में काट लें.
- एक बड़ी कढ़ाई में सरसों का तेल डालें और उसे धुआं निकलने तक अच्छे से गर्म करें.
- तेल गर्म होने पर गैस धीमी करें और इसमें जीरा, सौंफ और हींग डालें.
- अब कढ़ाई में स्लाइस किए हुए दो प्याज डालें और आंच को तेज करके भूनें.
- जब प्याज का रंग हल्का गुलाबी से सफेद होने लगे, तब इसमें कटी हरी मिर्च और घिसा हुआ अदरक डाल दें. प्याज को अच्छे से सुनहरा होने तक पकाएं.
- जैसे ही प्याज अच्छे से भुन जाए, गैस धीमी करें. अब हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर और तीखी लाल मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें और तुरंत थोड़ा सा पानी डाल दें ताकि मसाले जलें नहीं और अच्छी ग्रेवी बने. इसे 1 मिनट पकाएं.
- अब तेज आंच करके कढ़ाई में कटी हुई तुरई डालें. इसके साथ ही तुरंत नमक डाल दें.
- शेफ भरत का सबसे बड़ा सीक्रेट यही है कि तुरई डालने के बाद तुरंत ढक्कन न लगाएं. इसे बिना ढके ही तेज आंच पर 5 से 6 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें.
- 5 मिनट भूनने के बाद, कढ़ाई पर ढक्कन लगा दें और गैस को धीमा करके इसे 6 मिनट तक पकने दें.
- इसमें अलग से पानी डालने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, तुरई खुद पानी छोड़ेगी.
- जब तुरई गलने लगे, तब इसमें कटा हुआ टमाटर डालें और मध्यम आंच पर 3-4 मिनट पकाएं.
- आखिर में गरम मसाला, भुना हुआ जीरा पाउडर और हल्की खटास के लिए अमचूर पाउडर डालकर मिलाएं.
- आपकी लाजवाब, गाढ़ी ग्रेवी वाली तुरई की सब्जी तैयार है इसे आप रोटी और पराठे के साथ पेयर कर सकते हैं.
| कुकिंग टिप्स- |
| 1. तुरई काटते समय हमेशा उसका एक छोटा टुकड़ा चखकर जरूर देखें. अगर एक भी तुरई कड़वी निकल गई, तो वह पूरी सब्जी का स्वाद खराब कर देगी. |
| 2. तुरई को बहुत बारीक काटने की गलती न करें. थोड़ा मोटा काटने से पकने के बाद भी सब्जी एकदम मैश नहीं होती और उसका शेप बना रहता है. |
| 3. तुरई डालने के तुरंत बाद ढक्कन लगाने से सब्जी में एक अजीब सा बिटरनेस आ जाता है. इसलिए पहले 5 मिनट इसे तेज आंच पर खुला ही भूनें. |
| 4. टमाटर को हमेशा तुरई के थोड़े गल जाने के बाद ही डालें. अगर टमाटर पहले डाल देंगे तो तुरई को गलने में बहुत ज्यादा समय लगेगा. |
| 5. तुरई पकने के बाद बहुत थोड़ी सी रह जाती है इसलिए नमक शुरू में ही बहुत ज्यादा न डालें, हिसाब से ही रखें. |
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: एक कप सूजी और उबले आलू से बिना झंझट कम खर्च में बनाए कुरकुरा चटपटा नाश्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Turai Ki Sabji, Turai Ki Sabji Khane Ke Fayde, Turai Recipe