विज्ञापन

आज क्या बनाऊं: आम और टमाटर की चटनी का स्वाद जाएंगे भूल, अगर एक बार चख लिया शेफ हरपाल द्वारा शेयर स्टार फ्रूट की Chutney

क्या आप भी चटनी खाने के शौकीन हैं, तो एक बार जरूर ट्राई करें इस आर्टिकल में बताई शेफ हरपाल द्वारा शेयर स्टार फ्रूट की चटपटी चटनी.

आज क्या बनाऊं: आम और टमाटर की चटनी का स्वाद जाएंगे भूल, अगर एक बार चख लिया शेफ हरपाल द्वारा शेयर स्टार फ्रूट की Chutney
सिर्फ 5 मिनट में बनाएं स्टार फ्रूट की चटपटी चटनी. (Image @chefharpalsingh)

चटनी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है. स्नैक्स से लेकर ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर तक में हम चटनी खाना पसंद करते हैं. शायद यही कारण है कि भारत में आपको चटनी की अनगिनत वैराइटी मिल जाएंगी. अगर आप भी रोज-रोज वही घिसी-पिटी आम, टमाटर या धनिए की चटनी खाकर बोर हो चुके हैं, तो अब कुछ नया ट्राई करें. हाल ही में हमें सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी के यूट्यूब चैनल पर एक ऐसी चटनी की रेसिपी मिली जिसे सुनकर ही मुंह में पानी आ जाएगा. इस बार शेफ ने किसी आम चीज की नहीं, बल्कि स्टार फ्रूट (Star Fruit) यानी कमरख की खट्टी-मीठी चटनी बनाना सिखाया है.

​यह चटनी स्वाद में इतनी लाजवाब है कि इसके आगे आप बाकी सारी चटनियों का स्वाद भूल जाएंगे. आइए जानते हैं कि इस मजेदार चटनी को आप घर पर कैसे आसानी से बना सकते हैं. 

कैसे बनाएं स्टार फ्रूट की चटनी- (How To Make Star Fruit Chutney)

सामग्री-

  • ​स्टार फ्रूट 5 पीस
  • ​साबुत जीरा 1 छोटा चम्मच
  • ​हरा धनिया 1 कप
  • ​हरी मिर्च 3 पीस
  • ​अदरक आधा इंच (छिला हुआ)
  • ​लहसुन 2 कलियां
  • ​काला नमक 1 छोटा चम्मच
  • ​चाट मसाला 1 छोटा चम्मच
  • ​चीनी 1 बड़ा चम्मच
  • ​राई या सरसों का पेस्ट डेढ़ (1 ½) बड़ा चम्मच
  • ​सफेद नमक स्वाद के अनुसार

विधि-

  1. इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले गैस पर एक पैन गरम करें. इसमें 1 छोटा चम्मच जीरा डालें और धीमी आंच पर सूखा ही भून लें. 
  2. जब जीरे से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें.
  3. स्टार फ्रूट और हरे धनिए को पानी से अच्छी तरह साफ कर लें ताकि कोई गंदगी न रहे.
  4. अब स्टार फ्रूट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. ध्यान रहे, काटते समय अगर इसके अंदर कोई बीज दिखे, तो उसे बाहर निकाल दें.
  5. एक मिक्सर जार या ब्लेंडर लें. इसमें कटे हुए स्टार फ्रूट, हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, भुना हुआ जीरा, काला नमक, चाट मसाला, चीनी, स्वाद अनुसार सफेद नमक और सरसों का पेस्ट डाल दें.
  6. अब मिक्सी चलाकर इसे अच्छे से पीस लें. आप चाहें तो इसे बिल्कुल बारीक पीस सकते हैं या फिर अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ा दरदरा भी रख सकते हैं.
  7. आपकी शानदार स्टार फ्रूट चटनी तैयार है इसे एक कटोरे में निकालें और समोसे, पकौड़े, पराठे, सैंडविच या फिर दाल-चावल के साथ खाएं.
स्पेशल कुकिंग टिप्स- 
1. स्टार फ्रूट के बीज चटनी का स्वाद कड़वा कर सकते हैं, इसलिए पीसने से पहले उन्हें जरूर निकाल दें.
2. इस रेसिपी में सरसों का पेस्ट सबसे जरूरी है. यह चटनी को एक तीखा और अनोखा स्वाद देता है, इसे स्किप न करें.
3. अगर स्टार फ्रूट ज्यादा खट्टा है, तो आप चीनी की मात्रा थोड़ी बढ़ा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: आलू-प्याज का पराठा लगेगा फीका, अगर एक बार खा लिया राजस्थान का यह पारंपरिक चूरी Paratha

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Star Fruit Chutney, Chutney Recipe, Star Fruit Benefits
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com