महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे इन दिनों पूरे राज्य में ताबड़तोड़ फूड सेफ्टी रेड कर रहे हैं. नियमों का पालन न करने और जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कई फूड बिजनेस के लाइसेंस सस्पेंड किए जा चुके हैं. उनके इस निडर काम को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है. लोग उन्हें असली जिंदगी का "सिंघम" और "नायक" कह रहे हैं, जो बॉलीवुड फिल्मों के उन किरदारों की तरह बिना डरे आम जनता की भलाई के लिए काम कर रहे हैं.
जब तुकाराम मुंडे से जनता, सरकार और विपक्ष के इस मिलेजुले समर्थन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एएनआई (ANI) से बातचीत में कहा, मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है. समर्थन के साथ-साथ जनता की पार्टिसिपेशन भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. मेरा मानना है कि हमारा विभाग जो काम कर रहा है, वह एक जनआंदोलन बनना चाहिए. हमने इस दिशा में अपना पहला कदम बढ़ा दिया है और लोग भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं.
ये भी पढ़ें- तुकाराम मुंढे ने बताया बाहर खाना खाते समय किन 4 बातों का रखें ध्यान, वरना हो सकता है सेहत को नुकसान
सेहत और खाने के रिश्ते पर जोर देते हुए उन्होंने समझाया, यह हर किसी की सेहत के लिए जरूरी है आप, मैं, हमारे बच्चे, रिश्तेदार, हर एक व्यक्ति के लिए. अगर हम भारत को एक महाशक्ति बनाना चाहते हैं, तो यह एक स्वस्थ भारत के बिना मुमकिन नहीं है. इसके लिए हर नागरिक का स्वस्थ होना जरूरी है. और इसके लिए हम जो भी खाना और दवाइयां खाएं, वे सेहतमंद, असरदार, सुरक्षित और मानक लेवल की होनी चाहिए.
उन्होंने आगे कहा, हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं और इसमें शामिल होना तथा किसी भी गड़बड़ी की शिकायत करना हर नागरिक का कर्तव्य है. चाहे वह फूड बिजनेस ऑपरेटर हों, कंपनियां हों या ड्रग लाइसेंस धारक, हर किसी को नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए.
ये भी पढ़ें- बिना दूध घी के एक कप मूंगफली से आधा किलो काजू कतली जैसी मिठाई कैसे बनाएं | Watch Video
अपनी सोच को साझा करते हुए उन्होंने अंत में कहा, "अगर हम ऐसा हासिल कर लेते हैं, तो भविष्य में किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी. हम शत-प्रतिशत (100%) सेल्फ-कम्प्लायंस हासिल करना चाहते हैं, ताकि किसी पर भी कार्रवाई करने की नौबत ही न आए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं