विज्ञापन

आज क्या बनाऊं: घर पर कैसे बनाएं हलवाई जैसे जालीदार मिनी घेवर, नोट करें रेसिपी

क्या आप भी सावन में घर का बना घेवर खाना चाहते हैं, तो इन मिनी घेवर को एक बार जरूर करें ट्राई, स्वाद ऐसा कि मांग-मांग कर खाएंगे बच्चे.

आज क्या बनाऊं:  घर पर कैसे बनाएं हलवाई जैसे जालीदार मिनी घेवर, नोट करें रेसिपी
कैसे बनाएं मिनी घेवर.
NDTV

​सावन यानि तीज-त्योहारों का महीना. सावन के महीने में हर तरफ मिठाइयों की खुशबू फैलने लगती है. सावन में घेवर खाने का अपना ही अलग मजा होता है. घेवर एक पारंपरिक मिठाई है, जिसे देखकर ही मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन ज्यादातर लोग इसे बाजार से ही खरीदना पसंद करते हैं. क्योंकि उन्हें लगता है कि घर पर हलवाई जैसा जालीदार और क्रिस्पी घेवर बनाना बहुत मुश्किल है. अगर आप भी यही सोचते हैं, तो अब आपको परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. फूड क्रिएटर हीना राना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर मिनी घेवर (Mini Ghevar) बनाने की एक बेहद आसान रेसिपी शेयर की है. जिसे आप आसानी से घर पर बना सकते हैं. 

घर पर कैसे बनाएं मिनी घेवर- (How To Make Mini Ghevar)

सामग्री- 

  • ​घेवर के बैटर के लिए-
  • ​बेसन - 1 कप
  • ​देसी घी - 3 से 4 चम्मच
  • ​ठंडा दूध - आधा कप
  • ​ठंडा पानी - आवश्यकतानुसार 
  • ​तलने के लिए घी या तेल
  • ​गाढ़ी चीनी वाली रबड़ी
  • ​बारीक कटे हुए मेवे 

विधि- 

  1. सबसे पहले एक मिक्सी के जार में देसी घी लें. इसमें बर्फ के कुछ टुकड़े डालें और बेसन डालकर मिक्सर को तब तक चलाएं जबतक ये एकदम मक्खन जैसा सॉफ्ट न हो जाए. 
  2. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके ठंडा दूध मिलाएं और फिर से फेंटें.
  3. ध्यान रखें कि बैटर में बिल्कुल भी गांठें नहीं होनी चाहिए. बैटर एकदम पतला और बहने वाला होना चाहिए. 
  4. मिनी घेवर बनाने के लिए एक छोटे और गहरे बर्तन या अप्पे पैन का इस्तेमाल करें. 
  5. इसमें घी या तेल डालकर तेज आंच पर अच्छी तरह गरम करें. जब घी बहुत तेज गरम हो जाए, तो बैटर को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में उंगली की मदद से डालें. 
  6. जैसे ही बैटर घी में जाएगा, झाग बनेगा. जब झाग शांत हो जाए, तब बीच में लकड़ी की मदद से एक छोटा सा छेद बनाएं और फिर से थोड़ा सा बैटर गिराएं.
  7. इस प्रक्रिया को 5 से 6 बार दोहराएं. धीरे-धीरे घेवर का आकार बनने लगेगा और उसमें बेहतरीन जाली दिखने लगेगी.
  8. ​जब घेवर किनारों से हल्का भूरा और क्रिस्पी हो जाए, तो लकड़ी की मदद से इसे सावधानी से बाहर निकाल लें और किसी जालीदार बर्तन पर रख दें ताकि एक्स्ट्रा घी निकल जाए.
  9. इसके बाद घेवर के ऊपर गाढ़ी रबड़ी की एक परत फैलाएं. ऊपर से कटे हुए बादाम, पिस्ता और चांदी का वर्क लगाकर सजाएं. लीजिए, आपका बाजार जैसा टेस्टी, क्रिस्पी और जालीदार मिनी घेवर बनकर तैयार है.

​घेवर बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान (Tips for Perfect Ghevar)

  • घेवर का बैटर बनाते समय हमेशा एकदम ठंडे या बर्फ वाले पानी का ही इस्तेमाल करें.
  • जब आप बैटर को बर्तन में डालें, तो घी या तेल बहुत तेज गरम होना चाहिए, तभी परफेक्ट जाली बनती है.
  • बैटर को एक बार में बहुत सारा न डालें, थोड़ा-थोड़ा करके ही गिराएं.

ये भी पढ़ें-  आज क्या बनाऊं: लंच हो या डिनर, खाने के स्वाद को बढ़ा देगी आंध्रा की ये स्पेशल डिश, नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghevar At Home, Ghevar Recipe For Sawan, Ghevar Recipe In Hindi, Ghevar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com