रोटी हमारे मील का अहम हिस्सा है. लंच से लेकर डिनर तक में हम सभी रोटी खाना पसंद करते हैं. लेकिन क्या आपकी रोटी भी बनने के कुछ देर बाद ही सूखकर पापड़ जैसी कड़क हो जाती है, तो यकीन मानिए गलती आपके तवे में या रोटी सेंकने में नहीं, बल्कि आटे को गूथने के तरीके में है. दरअसल घर के बच्चे से लेकर बड़े तक सॉफ्ट और फूली-फूली रोटियां खाना पसंद करते हैं. तो चलिए जानते हैं क्या है सॉफ्ट रोटी बनाने का सीक्रेट.
क्या है सॉफ्ट रोटी बनाने का सीक्रेट-
1. आटा कितना गीला होना चाहिए?
आटे को न तो समोसे या पूड़ी के आटे की तरह सख्त गूंथना है और न ही भटूरे की तरह एकदम पिलपिला. सॉफ्ट रोटी के लिए आटा ऐसा होना चाहिए जिसे जब आप उंगली से दबाएं, तो वो बिना किसी ताकत के आसानी से अंदर धंस जाए और वापस हल्का सा बाउंस बैक करे.

Image NDTV
2. पानी मिलाने की सही ट्रिक-
अक्सर लोग आटा गूंथते समय एक साथ ढेर सारा पानी डाल देते हैं, जिससे आटा बहुत ज्यादा चिपचिपा हो जाता है. ऐसा करने से बचें. हमेशा 2-3 बार में थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर आटा समेटें. अगर आप आटे में सामान्य पानी की जगह हल्का गुनगुना पानी इस्तेमाल करेंगे, तो गेहूं में मौजूद ग्लूटन जल्दी एक्टिव होता है. इससे आटा बहुत ही सॉफ्ट गूंथता है.
3. आटा गूंथने के बाद क्या करें?
रोटी के लिए सिर्फ पानी मिलाना काफी नहीं है, आटे को कम से कम 2 से 3 मिनट तक हथेली के पिछले हिस्से से अच्छे से मथना यानी नीट (Knead) करना जरूरी है. जब आटा सही से गूंथ जाए, तो उसे तुरंत बेलने न लगें. आटे को ढककर 15 से 20 मिनट के लिए रेस्ट पर छोड़ दें. इस दौरान आटा पानी को अच्छी तरह सोख लेता है और एकदम सेट हो जाता है.
सीक्रेट हैक-
अगर आटा थोड़ा ज्यादा चिपक रहा हो या आप चाहते हैं कि रोटियां लंबे समय तक सॉफ्ट रहें, तो आटा समेटते वक्त आखिर में सिर्फ आधा चम्मच देसी घी या तेल हाथों में लगाकर आटे पर मल दें. इससे आटे के ऊपर सूखी परत नहीं जमती और रोटियां काफी देर तक फ्रेश बनी रहती हैं.
ये भी पढ़ें- आरओ का पानी कितने दिन में खराब हो जाता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं