सर्दियों का मौसम आते ही हर घर में एक चीज आपको देखने को मिल जाएगी वो है गरमा-गरम मूंगफली. ठंड में मूंगफली खाने का मजा ही अलग होता है. कोई इसे गुड़ के साथ खाना पसंद करता है तो कोई काला नमक के साथ. मूंगफली की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह कम कीमत में भी कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करती है. स्वादिष्ट होने के साथ-साथ इसे खाने के कई तरीके हैं.
मूंगफली में कौन-कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
मूंगफली में प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटैशियम, विटामिन ई और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को सेहतमंद रखने में मदद कर सकते हैं.

क्यों इतनी पसंद की जाती है मूंगफली-
1. बजट फ्रेंडली-
जहां बादाम की कीमत काफी ज्यादा होती है, वहीं मूंगफली कम कीमत में आसानी से मिल जाती है. यही वजह है कि यह हर वर्ग के लोगों की पहुंच में रहती है.
2. प्रोटीन का अच्छा सोर्स-
मूंगफली प्रोटीन पाने का एक आसान तरीका है. वेजिटेरियन के लिए ये एक अच्छा ऑप्शन है.
3. पेट भरा रखने-
मूंगफली में मौजूद प्रोटीन और फाइबर भूख को जल्दी लौटने नहीं देते. इसी कारण इसे वजन कंट्रोल करने में मददगार माना जाता है.
कैसे करें इसका सेवन-
मूंगफली को भूनकर, उबालकर, चाट में मिलाकर, चटनी या चिक्की के रूप में खाया जा सकता है.
एक दिन में कितनी मूंगफली खानी चाहिए?
आमतौर पर एक मुट्ठी लगभग 25-30 ग्राम भुनी हुई मूंगफली स्नैक के रूप में खाई जा सकती है. हालांकि मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और डाइट पर निर्भर करती है.
मूंगफली खाते समय किन बातों का रखें ख्याल-
मूंगफली पौष्टिक जरूर है, लेकिन इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए. अधिक मात्रा में खाने से कुछ लोगों को पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है. जिन लोगों को नट्स से एलर्जी है, उन्हें इसका सेवन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: गट्टे की सब्जी नहीं बनती सॉफ्ट? इस ट्रिक से मिलेगी परफेक्ट ग्रेवी और राजस्थानी स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं