विज्ञापन

दिल्ली में अब बिना आधार के भी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ,  वोटर ID कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट भी होंगे स्वीकार

Delhi Govt Schemes: दिल्ली सरकार ने योजनाओं में पारदर्शिता लाने और फर्जी लाभार्थियों पर लगाम कसने के लिए यूनिफाइड सिटीजन डाटा प्लेटफॉर्म को मंजूरी दे दी है. इसके तहत सभी लाभार्थियों का डिजिटल रिकॉर्ड एक ही जगह उपलब्ध होगा, हालांकि राहत की बात यह है कि इसके लिए आधार कार्ड जरूरी नहीं होगा.

दिल्ली में अब बिना आधार के भी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ,  वोटर ID कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट भी होंगे स्वीकार
अब दिल्ली में सरकारी योजनाओं के लिए बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड
NDTV

Delhi Government Unified Citizen Data Platform: दिल्ली सरकार ने राजधानी की तमाम सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के लिए एक नया और प्रभावी प्लान तैयार किया है. इसके तहत सभी योजनाओं और उनके दस्तावेजों का एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिकॉर्ड रखा जाएगा. इस व्यवस्था के लिए दिल्ली सरकार ने यूनिफाइड सिटीजन डाटा प्लेटफॉर्म को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है. इस नई प्लानिंग की घोषणा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से पहले ही की जा चुकी थी, और अब सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने इसे लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है. इस पूरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र और सही लोगों तक पहुंचाना है. साथ ही एक ही व्यक्ति का अलग-अलग योजनाओं में बार-बार गलत तरीके से नाम दर्ज होने की समस्या को रोकना है.

दिल्ली सरकार एक ऐसा केंद्रीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना चाहती है, जिसमें अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पूरी जानकारी एक ही जगह पर सुरक्षित उपलब्ध हो सके. इससे सरकार को यह ट्रैक करने में आसानी होगी कि कौन सा व्यक्ति किस योजना का लाभ ले रहा है. इस व्यवस्था के लागू होने से एक ही व्यक्ति के नाम पर दोबारा या फर्जी तरीके से सरकारी सहायता लेने की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी. सरकार का मानना है कि इस कदम से प्रशासनिक पारदर्शिता में भारी सुधार होगा और सरकारी मदद सीधे वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचेगी.

आधार कार्ड नहीं है जरूरी

इस नई व्यवस्था को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं, खासकर पहचान के प्रमाण को लेकर. ऐसे में सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस प्लेटफॉर्म पर आधार कार्ड का इस्तेमाल पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा. सरकार को किसी भी व्यक्ति की पहचान सत्यापित करने से पहले उसकी स्पष्ट सहमति लेनी होगी. अगर कोई नागरिक आधार के जरिए अपना वेरिफिकेशन नहीं कराना चाहता है या किसी तकनीकी वजह से ऐसा करने में असमर्थ है, तो भी उसे सभी सरकारी सेवाओं और योजनाओं का पूरा लाभ बिना किसी रुकावट के दिया जाएगा.

ये दस्तावेज भी होंगे मान्य

अगर कोई व्यक्ति आधार कार्ड का उपयोग नहीं करना चाहता है, तो वह पहचान की पुष्टि के लिए नीचे दिए गए दूसरे आधिकारिक सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकता है. 

  • वोटर आईडी कार्ड
  •  ड्राइविंग लाइसेंस
  •  पासपोर्ट
  •  केंद्र या राज्य सरकार की ओर से जारी दूसरे कोई भी वैध फोटो पहचान पत्र भी मान्य होंगे. हालांकि, पहले इसकी जानकारी देनी होगी.

यह भी पढ़ें- 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 3.50 लाख महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये और 1500 से ज्यादा नौकरियां, सुक्खू सरकार ने की सौगातों की बरसात

दिल्ली सरकार की इस नई डिजिटल पहल से योजनाओं के संचालन में बहुत आसानी होने की उम्मीद जताई जा रही है. एक ही जगह पर सभी रिकॉर्ड होने से फर्जी लाभार्थियों की पहचान करना आसान हो जाएगा और कोई भी व्यक्ति गलत तरीके से कई योजनाओं का एक साथ अनुचित लाभ नहीं उठा पाएगा. आम जनता के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में आधार वेरिफिकेशन को जरूरी नहीं किया गया है. अगर किसी के पास आधार कार्ड नहीं भी है, तब भी आपको दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं का पूरा लाभ मिलता रहेगा.

यह भी पढ़ें- घर बैठे AIIMS Delhi में बुक करें ऑनलाइन OPD अपॉइंटमेंट, जानें स्टेप बाय स्टेप पूरा प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Government Schemes, Aadhaar Card News, Delhi Government, Delhi News, Rekha Gupta
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com