- दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर नई फास्ट ट्रेन शुरू.
- आनंद विहार से गाजियाबाद केवल 8 मिनट का समय लगेगा.
- पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय लगेगा.
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सफर करने वाले रोजाना यात्रियों को अब राहत मिलने वाली है. नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुबह-शाम पीक आवर्स में यात्रा को और तेज तथा सुगम बनाने के लिए 16 नवंबर, 2026 से फास्ट ट्रेनें शुरू की जा रही हैं. सीमित स्टॉपेज वाली इन अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों का समय बचने वाला है. इसके तहत 36 मिनट में आनंद विहार से बेगमपुल और 8 मिनट में गाजियाबाद का सफर होने वाला है.
कम समय में तय होगी लंबी दूरी
नमो भारत की इन फास्ट ट्रेनों के शुरू होने से विभिन्न स्टेशनों के बीच की दूरी तय करने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा. पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय लगेगा.
आनंद विहार से गाजियाबाद: केवल 8 मिनट का समय लगेगा.
गाजियाबाद से बेगमपुल: केवल 28 मिनट का समय लगेगा.
आनंद विहार से बेगमपुल: केवल 36 मिनट का समय लगेगा.
5 प्रमुख स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
तेज गति और कम समय में सफर सुनिश्चित करने के लिए इन फास्ट ट्रेनों का स्टॉपेज कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर न होकर केवल 5 प्रमुख स्टेशनों पर ही रखा गया है. इन स्टेशनों में सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं.
पीक आवर्स का शेड्यूल
ये फास्ट ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जाएंगी, जबकि नियमित ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी. दोनों टर्मिनल स्टेशनों से सुबह के पीक आवर्स में सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए दो-दो फास्ट ट्रेनें सुबह 8:00 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी. वहीं, शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें शाम 6:00 बजे और 6:30 बजे चलाई जाएंगी.
यह भी पढ़ें | पीएम मोदी 13 दिसंबर को करेंगे काशी विश्वनाथ कोरिडोर का लोकार्पण, जानें क्या-क्या हुई तैयारियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं