हम में से कई लोग ऐसे हैं, जो लगभग हर एक दिन रोटी खाते हैं. रोटी हमार डाइट का एक अहम हिस्सा है. लेकिन अगर यही रोटी सख्त और कड़क हो जाए, तो खाना काफी ज्यादा मुश्किल हो जाता है. वहीं, बासी और टाइट रोटी पाचन के लिए भी सही नहीं होता है. इस तरह की रोटी होने पर हम अक्सर आटे को जिम्मेदार ठहरा देते हैं. लेकिन हर बार रोटी कड़क होने के पीछे आटे की गुणवत्ता नहीं होती है. कई बार रोटी गलत तरीके से बनाने की वजह से भी रोटी कड़क हो जाती है. इधर हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बताएंगे, जिसकी वजह से रोटियां सख्त हो जाती हैं-
आटा ज्यादा सख्त गूंथना
रोटी नरम और सॉफ्ट न होने के पीछे आटा सही तरीके से न गूंथना भी जिम्मेदार हो सकता है. कुछ लोग आटा काफी ज्यादा सख्त गूंथ लेते हैं या फिर उसे गूंथने के तुरंत बाद रोटियां बनाना शुरू कर देते हैं. इससे रोटी सख्त बन सकती है. ध्यान रखें कि आटा हमेशा हल्के गुनगुने पानी से गूंथें और उसे कम से कम 15 से 20 मिनट तक ढककर रख दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और ग्लूटेन डेवलेप होने से रोटियां सॉफ्ट बनती हैं.
तवे का टेम्प्रेचर सही न होना
रोटी को सही टेम्प्रेचर पर सेंकना बहुत ही जरूरी है. अगर आप गलत टेम्प्रेचर पर रोटी सेंकते हैं, तो इससे रोटी सख्त हो जाती है. जब तवा काफी ठंडा होता है, तो उसपर लंबे समय तक रोटी रहती है. इससे उसकी नमी खत्म हो जाती है. वहीं, तवा बहुत ज्यादा गर्म होने पर रोटी बाहर से जल सकती है और अंदर से कच्ची रह सकती है. ऐसे में ध्यान रखें कि जब भी रोटी को तवे पर डालें, तो आंच हमेशा मीडियम फ्लेम पर रखें. इससे रोटियां अच्छे से पक भी जाती हैं और सख्त भी नहीं होती.
ज्यादा देर तक रोटी सेंकना
कई लोग रोटी को कुरकुरी बनाने के लिए उसे काफी देर तक सेंकते हैं. इसी आदत की वजह से रोटी काफी कड़ी और सूखी बन जाती है. ऐसे में रोटी को दोनों ओर से हल्का पकाकर सीधे आंच पर फुलाएं. इससे रोटी की अंदरूनी नमी बनी रहती है और रोटी सॉफ्ट रहती है.
ये भी पढ़ें - जली और सख्त रोटी से बनाए जा सकते हैं ये 2 स्वादिष्ट पकवान, अब खराब रोटी को फेंकने की नहीं पड़ेगी जरूरत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं