जब भी स्ट्रीट फूड का जिक्र होता है, तो सबसे पहला नाम मुंह में पानी ला देने वाली पानी पूरी का ही आता है. ठेले पर खड़े होकर तीखे और खट्टे पानी का आनंद लेना किसे पसंद नहीं है? हालांकि, बाजार की चीजें अक्सर साफ-सुथरी नहीं होतीं और हम चाहकर भी उनका खुलकर लुत्फ नहीं उठा पाते. ऐसे में अगर आप घर पर ही बिल्कुल बाजार जैसी, कुरकुरी और फूली हुई पानी पूरी बना सकें, तो बात ही कुछ और है. थोड़ी सी तकनीक और सही माप के साथ आप आसानी से हलवाई जैसी गोलगप्पे तैयार कर सकते हैं. इसके साथ ही, घर का बना हुआ फ्रेश पुदीने का तीखा पानी और उबले आलू-चने का चटपटा मसाला इस अनुभव को दोगुना कर देता है.
हाल ही में @ShyamRasoi ने अपने यूट्यूब चैनल पर एकदम बाहर जैसी पानी पूरी घर पर बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है.
सामग्री:
पूरी के लिए:
- मोटी सूजी (1 कप)
- मैदा (4 बड़े चम्मच)
- गर्म पानी ( आधा कप खौलता हुआ)
खट्टा-तीखा पानी:
- हरा धनिया (1 मुट्ठी)
- पुदीना (1/4 कप)
- अदरक (आधा इंच)
- हरी मिर्च (6-7)
- ठंडा पानी (2 लीटर)
- काला व सादा नमक ( 1-1 छोटा चम्मच)
- जीरा पाउडर (भुना)
- जलजीरा पाउडर
- चिली फ्लेक्स
- नींबू का रस
- हींग (2 चुटकी)
- इमली का पल्प (5-6 बड़े चम्मच)
- बूंदी
आलू-चना मसाला:
- उबले आलू (5-6 हाथ से तोड़े हुए)
- उबले काले चने (1 कप)
- प्याज (बारीक कटा)
- हरा धनिया (बारीक कटा)
- जीरा (भुना)
- काला व सादा नमक
- कश्मीरी लाल मिर्च
- चाट मसाला
- इमली का पानी
बनाने की विधि:
- सबसे पहले सूजी और मैदा मिलाकर खोलते हुए पानी से सख्त आटा गूंथ लें.
- इसे गीले कपड़े से ढककर 30-40 मिनट रेस्ट दें.
- धनिया, पुदीना, अदरक और हरी मिर्च पीसकर छान लें.
- इसमें ठंडा पानी और सभी मसाले नमक, जीरा, जलजीरा, इमली पल्प, नींबू, बूंदी मिलाकर फ्रिज में ठंडा होने रख दें.
- उबले आलू और चने में प्याज, हरा धनिया, सभी मसाले और इमली का पानी मिलाकर चटपटा मसाला तैयार करें.
- आटे को मसलकर छोटी लोइयां बनाएं.
- इन्हें पतला बेलकर सूती कपड़े पर रखें.
- तेज गर्म तेल में पूरी का निचला हिस्सा नीचे की तरफ डालते हुए मीडियम आंच पर क्रिस्पी और गोल्डन होने तक तल लें.
- लीजिए, आपकी एकदम परफेक्ट, फूली हुई और कुरकुरी पानी पूरी बनकर तैयार है.
- रूम टेंपरेचर पर ठंडा होने के बाद इन्हें एयर-टाइट डिब्बे में रख दें, ये लंबे समय तक बिल्कुल सौगी नहीं होंगी.
इसे भी पढ़ें: बिना अंडे के बनाएं आमलेट, सिर्फ 5 मिनट में बनकर हो जाएगा तैयार, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं