फलों को सेहत के लिए कितना फायदेमंद माना जाता है ये तो हम सभी जानते हैं. लेकिन जब बात उनके बीजों की आती है तो हममें से ज्यादातर लोग इन्हें निकालकर कचरे में डाल देते हैं. आपको बता दें कि पपीता एक ऐसा फल है जिसके पत्ते, फल और बीज सभी को सेहत का खजाना कहा जाता है. तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि पपीते के बीज सेहत के लिए कितने फायदेमंद हैं और आप इन्हें अपनी डेली डाइट में कैसे शामिल कर सकते हैं.
कैसे करें पपीते के बीज को डाइट में शामिल?
- सुखाकर पाउडर- पपीते के बीजों को निकालकर अच्छी तरह धूप में सुखा लें. इसके बाद इन्हें मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. इस पाउडर को आप गुनगुने पानी के साथ या अपनी स्मूदी में मिलाकर ले सकते हैं.
- सलाद या सूप- आप इन बीजों को सुखाकर या हल्का भूनकर सलाद, सूप या अपने खाने के ऊपर मसाले की तरह छिड़क कर खा सकते हैं.
- शहद या नींबू- पपीते के बीज का स्वाद थोड़ा कड़वा या तीखा होता है, इसलिए शुरुआत में आप इन्हें शहद या नींबू के रस के साथ मिलाकर खा सकते हैं, जिससे इनका कड़वापन कम हो जाता है.

पपीते के बीज खाने के फायदे-
- अगर आपको अक्सर कब्ज, गैस या पेट से जुड़ी कोई और परेशानी रहती है, तो पपीते के बीज आपके लिए वरदान साबित हो सकते हैं. इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पेट को साफ रखने और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है.
- आज के समय में गलत खानपान की वजह से लिवर की समस्याएं आम हो गई हैं. पपीते के बीज लिवर को अंदर से डिटॉक्सीफाई यानी साफ करने में मदद करते हैं. यह लिवर से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मददगार माने जाते हैं.
- अगर आप अपने बढ़ते वजन से परेशान हैं और लाख कोशिशों के बाद भी चर्बी कम नहीं हो रही है, तो पपीते के बीज इसमें आपकी मदद कर सकते हैं. ये मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं, जिससे शरीर में जमी एक्सट्रा कैलोरी तेजी से बर्न होती है.
- बदलते मौसम में अक्सर लोग सर्दी-जुकाम और बुखार की चपेट में आ जाते हैं. पपीते के बीजों में एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं ताकि आप जल्दी बीमार न पड़ें.
नोट: पपीते के बीज बहुत गर्म होते हैं और इनका स्वाद तेज होता है, इसलिए इनका सेवन हमेशा कम मात्रा से ही शुरू करें. अगर आप गर्भवती हैं या किसी गंभीर बीमारी की दवा ले रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही इनका सेवन करें.
ये भी पढ़ें- क्या डायबिटीज के मरीज किशमिश खा सकते हैं? जानें कब और कितनी खाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं