बिना तंदूर के कुलचा कैसे बनाएं.
NDTV
क्या आपको भी ढाबे और रेस्टोरेंट वाले गरमा-गरम, फूले-फूले कुलचे बहुत पसंद हैं? और आप इन्हें घर पर बनाने की सोच रहे हैं, लेकिन तंदूर नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि आज हम मास्टरशेफ पंकज भदौरिया द्वारा शेयर बिना तंदूर के सीधे घर के तवे पर और पानी की मदद से बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा कुलचा बनाने का तरीका बता रहे हैं, आप अपनी किचन में ही बिल्कुल परफेक्ट आलू-पनीर कुलचा तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी बेहद आसान और रेसिपी.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं घर सॉफ्ट कुलचा- (How To Make Soft Kulcha At Home)
सामग्री-
आटे के लिए-
- 1½ कप आटा (मैदा या गेहूं का आटा)
- 4 बड़े चम्मच दही
- ½ छोटा चम्मच नमक
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- 2 बड़े चम्मच तेल
- आवश्यकता अनुसार पानी
स्टफिंग के लिए-
- 2 बड़े उबले हुए आलू
- 100 ग्राम पनीर
- 2 प्याज (बारीक कटे हुए)
- ½ छोटा चम्मच अजवाइन
- 1 छोटा चम्मच रेड चिली फ्लेक्स
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा अदरक
- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा लहसुन
- 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- स्वादानुसार नमक
- आवश्यकता अनुसार देसी घी
- 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- 1 छोटा चम्मच कलौंजी (निगेला सीड्स)
विधि-
- सबसे पहले एक बर्तन में मैदा लें. इसमें नमक, बेकिंग पाउडर और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एकदम नरम आटा गूंथ लें. आखिर में इसमें तेल मिलाएं और तब तक गूंथें जब तक तेल अच्छे से मिक्स न हो जाए.
- अब इस आटे को 1 घंटे के लिए ढककर रख दें ताकि यह सेट हो जाए.
- जब तक आटा रेस्ट कर रहा है, तब तक स्टफिंग बना लें. प्याज को बारीक काट लें और उसमें आधा चम्मच नमक मिलाकर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि प्याज का पानी निकल जाए.
- इसके बाद प्याज को हाथों से दबाकर सारा एक्स्ट्रा पानी निचोड़ लें.
- अब एक बाउल में उबले आलू को मैश करें. इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, निचोड़ा हुआ प्याज और बाकी सारे मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- 1 घंटे बाद आटे को एक मिनट के लिए फिर से गूंथ लें. अब आटे और स्टफिंग की 6-6 बराबर लोइयां बना लें.
- आटे की एक लोई लें, उसमें आलू-पनीर की स्टफिंग भरें और उसे बंद कर दें.
- इसके बाद इसे बेलन से ओवल शेप में हल्के हाथ से बेल लें.
- बेले हुए कुलचे के ऊपर वाली सतह पर हल्का सा पानी ब्रश करें. इसके ऊपर थोड़ी सी कलौंजी और कसूरी मेथी चिपका दें.
- अब एक तवे को गर्म करें. तवे पर करीब एक चौथाई कप पानी डालें और तुरंत कुलचे को गीली साइड से तवे पर चिपका दें.
- तवे को तुरंत एक ढक्कन से ढक दें ताकि भाप बने.
- कुछ ही देर में कुलचा गुब्बारे की तरह फूल जाएगा. जब नीचे की तरफ से यह सुनहरा हो जाए, तो इसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी सेंक लें.
- इसके बाद तवे से उतारकर इस पर घी लगाएं और ज्यादा क्रिस्पी बनाने के लिए इसे सीधे आग पर 30 से 35 सेकंड के लिए सेंक लें.
- बस तैयार है आपका गरमा-गरम, सॉफ्ट और अंदर से मसालेदार रेस्टोरेंट स्टाइल कुलचा.
- इसे अपनी मनपसंद छोले की सब्जी, मक्खन या अचार के साथ गर्मागर्म सर्व करें.
ये भी पढ़ें- रोटी फूलती नहीं? मास्टरशेफ पंकज भदौरिया के ये 3 नुस्खे से गुब्बारे जैसी फूलेगी रोटियां
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Kulcha, Kulcha Naan Recipe, Bina Tanav Ke Bechaini Ghabrahat Aur Dil Ko Jor Se Dhadakna Ka Pet Se Hai Connection, Kulcha Recipe