Roomali Roti: कैसे बनाएं रूमाली रोटी.
NDTV
Roomali Roti Recipe In Hindi: होटल या ढाबे पर जाकर शाही पनीर या कड़ाही चिकन के साथ गरमा-गरम रूमाली रोटी खाना भला किसे पसंद नहीं. लेकिन दिक्कत तब आती है जब हमारा मन घर पर ही कुछ ऐसा ही मजेदार खाने का करता है. क्या बिना तंदूर के घर पर वैसी पतली और मुलायम रूमाली रोटी बना सकते हैं अगर आपका भी यही सवाल है, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको कुछ ऐसी ट्रिक बता रहे हैं जिससे आप आसानी से घर पर परफेक्ट और सॉफ्ट रूमाली रोटी बना सकते हैं.
पोषण फैक्ट- Nutrition Facts (1 रूमाली रोटी)
- कैलोरी- लगभग 90-120
- कार्बोहाइड्रेट- 18-22 ग्राम
- प्रोटीन- 2-3 ग्राम
- फैट- 1-2 ग्राम
- फाइबर- 1 ग्राम

कैसे बनाएं सॉफ्ट रूमाली रोटी- (How To Make Soft Roomali Roti At Home
सामग्री-
- मैदा- 2 कप
- गेहूं का आटा- आधा कप
- दूध- आधा कप
- नमक- स्वाद के अनुसार
- चीनी- आधा छोटा चम्मच
- तेल या घी- 2 बड़े चम्मच
- पानी- आटा गूंथने के लिए
विधि-
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और गेहूं का आटा छान लें. अब इसमें नमक, चीनी और एक चम्मच तेल डालकर अच्छे से मिला लें.
- इसके बाद गुनगुने दूध और पानी की मदद से एक बहुत ही सॉफ्ट आटा गूंथ लें.
- याद रखें कि रूमाली रोटी का आटा पूरी या पराठे जैसा सख्त नहीं होना चाहिए बल्कि यह थोड़ा लचीला और ढीला होना चाहिए.
- अब इस गुंथे हुए आटे पर थोड़ा सा तेल लगाकर गीले कपड़े से ढककर कम से कम 30 से 40 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए रख दें.
- अब आटे को एक बार फिर से हल्के हाथों से गूंथ लें. अब इस आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
- ध्यान रखें कि रूमाली रोटी की लोइयां आम रोटी की लोइयों से थोड़ी छोटी होती हैं, क्योंकि हमें इसे बहुत पतला बेलना होता है.
- यही वो सबसे जरूरी ट्रिक है जो आपकी रूमाली रोटी को बिल्कुल होटल जैसा बनाएगी.
- अपने घर का कोई भी बड़ा और भारी तवा लें और उसे गैस पर उल्टा करके तेज आंच पर गर्म होने के लिए रख दें. जब तक तवा गर्म हो रहा है, तब तक एक कटोरी में थोड़ा सा पानी और नमक मिलाकर बैटर तैयार कर लें.
- अब एक लोई लें, उस पर थोड़ा सूखा मैदा लगाएं और उसे जितना हो सके उतना पतला बेल लें.
- बेलने के बाद इसे दोनों हाथों के बीच में धीरे-धीरे घुमाते हुए बड़ा और पतला कर लें.
- अगर आपसे हवा में न संभले, तो चकले पर ही उंगलियों की मदद से इसे खींचकर बड़ा कर सकते हैं.
- अब गर्म किए हुए उल्टे तवे के ऊपर थोड़ा सा नमक वाला पानी छिड़क दें. इससे रोटी तवे पर चिपकेगी नहीं और आसानी से निकल जाएगी.
- इसके बाद अपनी बेली हुई पतली रोटी को सावधानी से इस उल्टे तवे के ऊपर फैला दें.
- आंच को तेज रखें. जैसे ही रोटी पर हल्के-हल्के बुलबुले उठने लगें, समझें रोटी एक तरफ से सिक गई है. इसे तुरंत पलट दें और कपड़े या स्पैचुला की मदद से हल्का-हल्का दबाकर सेंक लें.
- बस तैयार है आपकी गरमा-गरम, मुंह में घुल जाने वाली सुपर-सॉफ्ट रूमाली रोटी.
- इसे फोल्ड करके किसी कपड़े में लपेटकर रखें ताकि यह लंबे समय तक नरम बनी रहे.
- अब इसे अपनी मनपसंद दाल मखनी या पनीर की सब्जी के साथ परिवार के साथ मजे से एन्जॉय करें.
ये भी पढ़ें- बारिश आते ही बढ़ी इस बनारसी चाट की डिमांड, Zomato पर बिरयानी को भी छोड़ा पीछे, घर पर बनाना है बेहद आसान
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Roomali Roti, Roomali Roti Recipe, Roti Without Effort