विज्ञापन

घर पर पहाड़ी नमक कैसे बनाएं? जानें पिस्यु लूण बनाने की आसान रेसिपी

पहाड़ी लोग खाने के स्वाद को बढ़ाने के लिए पिस्यु लूण बनाकर रखते हैं. इसे पहाड़ी नमक या हरा नमक भी कहा जाता है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बनने वाला ये नमक अपने अलग स्वाद और खुशबू के लिए जाना जाता है. चुटकीभर ये नमक किसी भी खाने के स्वाद को चार गुना बढ़ा देता है.

घर पर पहाड़ी नमक कैसे बनाएं? जानें पिस्यु लूण बनाने की आसान रेसिपी
पहाड़ी हरा नमक बनाने की रेसिपी
(Photo Credit: Instagram)

क्या कभी आपने अमरूद, खीरे, मूली या ऐसे ही अलग-अलग फलों और सब्जियों पर नमक-मिर्च छिड़ककर खाया है? अगर हां, तो आपको पता ही होगा कि चुटकीभर नमक इन चीजों के स्वाद को दोगुना बढ़ा देता है. हम भारतीय लोगों को मसालेदार खाना बहुत पसंद होता है. ऐसे में कई लोग घर पर ही अलग-अलग मसाले बना लेते हैं और फिर अलग-अलग चीजों पर इन मसालों को छिड़ककर खाते हैं. खासकर पहाड़ी लोग खाने के स्वाद को बढ़ाने के लिए पिस्यु लूण बनाकर रखते हैं. इसे पहाड़ी नमक या हरा नमक भी कहा जाता है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बनने वाला ये नमक अपने अलग स्वाद और खुशबू के लिए जाना जाता है. चुटकीभर ये नमक किसी भी खाने के स्वाद को चार गुना बढ़ा देता है. खासकर लोग इसे रायते, दही, सलाद और फलों पर छिड़ककर खाते हैं. यहां हम आपको इसी खास नमक को बनाने की बेहद आसान रेसिपी बता रहे हैं. 

पिस्यु लूण या हरे नमक को बनाने की ये खास रेसिपी Lichi Cooks नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर की गई है. आइए जानते हैं इस पहाड़ी नमक को बनाने के लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही जानेंगे इस नमक को बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका- 

चाहिए होंगी ये चीजें- 

घर पर पहाड़ी नमक बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए आपको- 

  • आधा कप ताजा हरा धनिया 
  • 3 से 4 हरी मिर्च 
  • 7 से 8 लहसुन की कलियां
  • एक इंच अदरक का टुकड़ा 
  • 2 बड़े चम्मच साबुत धनिया  
  • एक बड़ा चम्मच जीरा 
  • 7 से 8 काली मिर्च और 
  • आधा कप साधारण नमक चाहिए होगा. 
कैसे बनाएं पहाड़ी नमक?
  • इसके लिए सबसे पहले साबुत धनिया, जीरा और काली मिर्च को हल्का ड्राई रोस्ट कर लें. इससे मसालों की खुशबू अच्छी तरह बाहर आती है. 
  • अब, एक मिक्सर जार में ताजा हरा धनिया, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, भुने हुए मसाले और नमक डालें. इन सभी चीजों को दरदरा पीस लें.
  • इसके बाद इस मिश्रण को एक प्लेट, ट्रे या चौड़े बर्तन में अच्छी तरह फैलाएं और ओवन या एयर फ्रायर में 150 डिग्री सेल्सियस पर करीब 30 मिनट तक सुखाएं. हर 10 मिनट में कांटे की मदद से मिश्रण को चलाते रहें, ताकि नमी अच्छी तरह निकल जाए.
  • सूखने के बाद इसे बाहर निकालकर कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें. 
  • अब, इसे मिक्सर जार में डालकर एक बार और पीस लें. 

इतना करते ही आपका पहाड़ी नमक बनकर तैयार हो जाएगा. आप इसे रायते, सलाद, खीरे, मूली और अमरूद पर छिड़ककर सकते हैं. इसके अलावा चाट मसाले की तरह भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. बस इस नमक को हमेशा किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके रखें. ध्यान रखें कि इसमें नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए. साथ ही नमक को डिब्बे से हमेशा सूखे चम्मच से ही निकालें. इस तरह आपका ये नमक लंबे समय तक चलेगा और इसका स्वाद ऐसे ही बना रहेगा. 

यहां क्लिक कर देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- अमरूद की चटनी कैसे बनाएं? यहां पढ़ें स्वाद में लाजवाब खट्टी-मीठी चटनी की रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com