कभी-कभी ऐसा होता है कि खाने में सब कुछ बना है, दाल भी है, सब्जी भी है, लेकिन खाने का मन ही नहीं करता. क्या आपके साथ भी ऐसा है होता है. क्योंकि हमारे साथ तो अक्सर होता है. ऐसे में अगर थाली में एक कटोरी मूली और हरी मिर्ची का चटपटा अचार मिल जाए, तो मजा ही आ जाता है. हाल ही में ये रेसिपी यूट्यूब चैनल (Kabita's Kitchen) पर मिली है. जिसमें उन्होंने बताया है कि ये मेरी जेठानी की रेसिपी है. न धूप में सुखाने का झंझट, न हफ्ते भर इंतजार. बस 5 मिनट में बनता है और स्वाद ऐसा कि बाजार वाला अचार भी फेल हो जाए.
मूली-मिर्ची का अचार क्यों है खास?
बाजार में मिलने वाले अचार में तेल ही तेल होता है और महीनों पुराना मसाला. लेकिन ये मूली-मिर्ची का अचार एकदम फ्रेश बनता है. इसमें मूली का क्रंच रहता है और मिर्ची का तीखापन. ये अचार भी है और सब्जी भी. सर्दी में जब ताजी-ताजी मूली आती है, तब ये अचार सबसे ज्यादा बनता है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं मूली-मिर्ची का अचार- (How To Make Mooli Mirch Ka Achar)
सामग्री-
- मूली
- हरी मिर्ची
- सरसों का तेल
- नमक
- हल्दी
- अचार का मसाला
- नींबू
विधि-
- सबसे पहले मूली और मिर्ची को अच्छे से धो लें. फिर मूली को गोल-गोल राउंड शेप में काट लीजिए.
- बहुत मोटा मत काटिए, न बहुत पतला. मीडियम साइज में काटिए, ताकि मूली में क्रंच बना रहे.
- अब हरी मिर्ची में बीच से एक चीरा लगा दीजिए. चीरा पूरा मत लगाइए, सिर्फ इतना कि मसाला अंदर तक चला जाए.
- मिर्ची में चीरा लगाने से वो फ्राई करते वक्त फूटेगी नहीं और खाने में भी मजा आएगा.
- अब एक कड़ाही में थोड़ा सा सरसों का तेल गरम कीजिए. तेल गरम होते ही इसमें चीरा लगी हुई मिर्ची डाल दीजिए. बस आधे मिनट के लिए हाई फ्लेम पर हल्का सा फ्राई कीजिए और निकालकर साइड में रख दीजिए.
- मिर्ची को ज्यादा देर मत भूनिए, वरना वो काली पड़ जाएगी और उसका कुरकुरापन खत्म हो जाएगा.
- हल्की सी फ्राई की हुई मिर्ची पर अगर नमक और नींबू डालकर खाएंगे, तो अकेली मिर्ची भी बहुत टेस्टी लगेगी.
- मिर्ची निकालने के बाद उसी कड़ाही में थोड़ा सा तेल और गरम कीजिए.
- अब उसी तेल में कटी हुई मूली डाल दीजिए. इसे अच्छे से मिक्स कीजिए.
- अब इसमें नमक, हल्दी और अचार का मसाला डाल दीजिए. सबको अच्छे से मिला लीजिए.
- अब इसमें फ्राई की हुई मिर्ची डाल दीजिए और फिर से मिक्स कीजिए. अब गैस को हाई कर दीजिए और कड़ाही को ढककर 2 से 3 मिनट तक पकने दीजिए.
- गैस को धीमा मत कीजिए. हाई फ्लेम पर ही रखिए. क्योंकि मूली में नमक डालने से पानी छूटता है.
- अगर गैस धीमी होगी, तो मूली बहुत नरम हो जाएगी और उसका क्रंच खत्म हो जाएगा. हाई फ्लेम पर पानी जल्दी सूख जाएगा और मूली में थोड़ा क्रंच बचा रहेगा.
- मूली को आधा ही पकाना है, पूरा नहीं. मूली आधी कच्ची-आधी पकी ही सबसे अच्छी लगती है. गैस बंद करने से ठीक पहले इसमें एक नींबू निचोड़कर डाल दीजिए.
- बस, आपका मूली का इंस्टेंट अचार तैयार है. इसे एक बर्तन में निकालकर ठंडा कर लीजिए और फ्रिज में रख दीजिए. ये अचार फ्रिज में 2 से 3 दिन तक आराम से चल जाता है.
ये भी पढ़ें- गहत दाल पराठा कैसे बनाएं? पहाड़ी Paratha बनाने की आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं