रोज-रोज सब्जी खाने का मन नहीं करता या फिर सिंपल दाल-रोटी खाते-खाते बोर हो जाते हैं? हमारे साथ तो ऐसा ही होता है. ऐसे में अगर खाने के साथ थोड़ा सा चटपटा अचार मिल जाए, तो मज़ा ही आ जाता है. अगर आप भी खाने को चटपटा बनाना चाहते हैं, तो मिर्च के अचार की रेसिपी आपके लिए है. आप मात्र 15 मिनट में घर की ही चीजों से हरी मिर्च का स्वादिष्ट अचार बना सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको धूप में बैठने की कोई जरूरत नहीं है और यह सालभर बिल्कुल खराब नहीं होता. इस रेसिपी को हाल ही में (@PapaMummyKitchenMarwadi) नामक यूट्यूब चैनल पर शेयर किया गया है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
यहां देखें वीडियो-
अगर आप फटाफट इस रेसिपी को पढ़ना चाहते हैं, तो स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी नीचे है-
कैसे बनाएं मिर्च का अचार- (How To Make Mirch Ka Achar)
सामग्री-
- हरी मिर्च- 300 ग्राम (थोड़ी तीखी वाली)
- नींबू का रस- ¼ कप (लगभग 4 नींबू)
- नमक- 3 बड़े चम्मच
- सरसों का तेल- ¼ कप
- साबुत धनिया- 4 बड़े चम्मच
- राई- 4 बड़े चम्मच
- सौंफ- 4 बड़े चम्मच
- दाना मेथी- 1 छोटी चम्मच
- हींग- 1 छोटी चम्मच
- कलौंजी- 1 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 2 छोटी चम्मच
- सफेद सिरका- ¼ कप
विधि-
- सबसे पहले फ्रेश और फ्रेश हरी मिर्च लें. मिर्च खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसका डंठल हरा होना चाहिए. अगर डंठल सूखा है तो मिर्च पुरानी हो सकती है.
- मिर्च को साफ पानी से दो-तीन बार अच्छे से धोकर बिल्कुल सूखा लें. ध्यान रहे, पानी बिल्कुल नहीं रहना चाहिए वरना अचार जल्दी खराब हो सकता है.
- अब मिर्च के डंठल अलग कर लें. एक-एक मिर्च को छोटे टुकड़ों में काट लें.
- अगर आपको अचार बहुत ज्यादा तीखा पसंद नहीं है, तो कटी हुई मिर्च को थोड़ा सा हिला लें ताकि उसके फालतू बीज नीचे निकल जाएं.
- इससे मिर्च का तीखापन काफी हद तक कम हो जाएगा.
- कटी हुई मिर्च को एक बर्तन में निकालें और उसमें 3 बड़े चम्मच नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- नमक और नींबू डालने से मिर्च जल्दी सॉफ्ट हो जाती है और इसका तीखापन भी कम होता है.
- अब इसे ढककर 10 मिनट के लिए साइड में रख दें.
- अब एक पैन में सरसों का तेल डालकर उसे अच्छे से गर्म करें जब तक कि उसमें से धुआं न निकलने लगे.
- इससे तेल का सारा मॉइश्चर खत्म हो जाता है, तेल को हल्का ठंडा होने के बाद उसमें हींग मिला लें.
- अब एक दूसरी कढ़ाई में साबुत धनिया, राई, सौंफ और दाना मेथी डालकर धीमी आंच पर हल्का सा सेंक लें.
- इन्हें ज्यादा भूनना नहीं है, बस इनका मॉइश्चर खत्म करना है. जब ये ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मिक्सी जार में डालकर दरदरा पीस लें.
- ध्यान रखें कि इसका एकदम बारीक पाउडर नहीं बनाना है.
- अब 10 मिनट बाद मिर्च को चेक करें, वह थोड़ी सॉफ्ट हो चुकी होगी.
- इसके बाद पिसे हुए मसाले, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और कलौंजी को मिर्च में अच्छी तरह मिला लें.
- लास्ट में तैयार किया हुआ सरसों का तेल और सफेद सिरका डालकर सब कुछ अच्छे से मिक्स कर लें.
- सिरका डालने से अचार सालभर तक बिल्कुल खराब नहीं होता.
- बस आपका यह मजेदार और चटपटा हरी मिर्च का अचार बनकर तैयार है.
- आप इसे तुरंत भी खा सकते हैं, लेकिन अगर आप इसे 2-3 दिन डिब्बे में बंद करके रखेंगे तो इसका स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाएगा.
- अब इसे किसी सूखी कांच या फूड-ग्रेड प्लास्टिक की बोतल में भरकर रख लें.
ये भी पढ़ें- बोरिंग लौकी को कहें अलविदा! इस सीक्रेट रेसिपी से बनाएं रेस्टोरेंट जैसा सूप, तेजी से घटेगा वजन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं