चटनी का नाम लेते ही चटपटा स्वाद याद आ जाता है. भारत में आपको चटनी की अनगिनत वैराइटी मिल जाएंगी. शायद यहीं कारण है कि हम हर मौसम के हिसाब से अपने खाने में चटनी को एड करते हैं. गर्मी का मौसम हो और खाने के साथ कुछ ठंडा, तीखा और चटपटा न मिले, तो खाने का मजा ही नहीं आता है. चाहे समोसे हों, पकौड़े हों या फिर दोपहर की सिंपल दाल-चावल, एक चम्मच हरी चटनी पूरे खाने का स्वाद बदल देती है. लेकिन कई बार घर पर चटनी का रंग वैसा हरा नहीं आता है जैसे होटल की चटनी का होता है. अगर आप भी घर पर वही स्वाद लाना चाहते हैं, तो शेफ हरपाल के यूट्यूब चैनल पर शेयर रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं.
हम जिस चटनी की बात कर रहे हैं उसे फ्रेश धनिए और पुदीने से बनाया जाता है. यह न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाने, बल्कि इस चिलचिलाती गर्मी में आपके पेट को एकदम कूल-कूल रखने में भी मददगार है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 5 मिनट का समय लगता है और इसकी सारी सामग्री आपकी किचन में पहले से ही मौजूद हैं.
कैसे बनाएं स्वादिष्ट हरी चटनी- (How To Make Green Chutney)
सामग्री-
- 1 कप ताजा हरा धनिया
- ½ कप पुदीने के पत्ते
- 3 से 4 पीस हरी मिर्च
- 1 इंच का टुकड़ा अदरक
- आधा नींबू का रस
- 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
- ½ छोटा चम्मच काला नमक
- सफेद नमक स्वाद के अनुसार
- पानी: 1 कप (पीसने के लिए)
- बर्फ के टुकड़े जरूरत के अनुसार
- पानी: जरूरत के अनुसार
विधि-
- इस चटनी को बनाने के लिए सबसे पहले धनिए और पुदीने के पत्तों को साफ पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह धो लें, ताकि उनमें लगी धूल-मिट्टी पूरी तरह निकल जाए.
- फिर एक पैन में थोड़ा सा पानी उबलने के लिए रख दें और एख दूसरे बाउल में बर्फ के टुकड़े वाला पानी डालकर रख लें.
- उबले हुए पानी में हरी धनिया पत्ती और पुदीने के पत्ते को कुछ सेंकड के लिए डालें और तुरंत बर्फ वाले पानी में डाल दें.
- अब एक मिक्सर ग्राइंडर का जार लें. इसमें बर्फ के पानी से निचोड़कर धनिया-पत्ती और पुदीने के पत्ते और कुछ बर्फ के टुकड़े डालें.
- हरी मिर्च और अदरक के टुकड़े डाल दें.
- इसी जार में अब स्वाद के अनुसार सादा नमक, आधा चम्मच काला नमक और एक चम्मच चाट मसाला डालें.
- इसके बाद इसमें आधा नींबू निचोड़ दें. नींबू का रस इसके तीखेपन को बैलेंस करेगा.
- अब इसमें 1 कप पानी डालें. जार का ढक्कन बंद करें और इसे एकदम स्मूद होने तक पीस लें.
- पिसने के बाद इसे एक कांच के बर्तन में निकाल लें. अगर आपको यह बहुत गाढ़ी लग रही है, तो आप अपनी जरूरत के हिसाब से थोड़ा और पानी मिलाकर इसे पतला कर सकते हैं. आपकी शानदार, रिफ्रेशिंग पुदीना-धनिया की चटनी बनकर तैयार है.
| स्पेशल टिप्स- |
| 1. चटनी पीसते समय मिक्सी चलने से जो गर्मी पैदा होती है, उससे पुदीना और धनिया काले पड़ जाते हैं. पीसते समय बर्फ के टुकड़े डालने से इसका रंग एकदम हरा-भरा बना रहता है. |
| 2. ध्यान रखें कि पुदीना हमेशा धनिए से आधा होना चाहिए ज्यादा पुदीना डालने से स्वाद में कड़वापन आ सकता है. |
| 3. चाट मसाला इस रेसिपी की जान है, जो इसे एकदम मार्केट जैसा चटपटा टेस्ट देता है. |
| 4. इसे हमेशा कांच के एयरटाइट जार में रखें और फ्रिज में स्टोर करें. यह एक हफ्ते तक बिल्कुल फ्रेश रहेगी. |
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बैंगन नहीं खाने वाले भी मांग-मांग कर खाएंगे, जब बनाएंगे शेफ हरपाल स्टाइल क्रंची पनीर रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं