गर्मियों का मौसम यानि पुरानी यादों का ताजा होना. दोपहर की कड़क धूप, स्कूल की छुट्टियां और घर की दादी-नानी के हाथों से बना कच्चे आम का अचार या मुरब्बा खाने का मजा ही कुछ और होता था. अगर आप भी उस पुराने स्वाद को चखना चाहते हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि मशहूर सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी ने सोशल मीडिया पर आप मुरब्बा की रेसिपी शेयर की है.
शेफ हरपाल सिंह सोखी ने अपनी इस पोस्ट को 'Summer in a jar' यानी एक जार में सिमटी गर्मियां नाम दिया है. उन्होंने लिखा है कि यह खट्टा-मीठा कैरी मुरब्बा पूरी तरह से हमारे बचपन की यादों के बारे में है. यह वही खट्टा-मीठा जादू है, जो हर तपती दोपहर को मिलना ही चाहिए.
कैसे बनाएं कैरी मुरब्बा- (How To Make Mango Murabba)
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कोई बहुत चीज नहीं लानी होगी. घर में मौजूद बेसिक सामान से ही यह बनकर तैयार हो जाती है.
सामग्री-
- घी
- कच्चे आम (कैरी)
- चीनी
- पानी
- इलायची पाउडर
- काला नमक
- दालचीनी पाउडर
- लाल मिर्च पाउडर
- केसर के धागे
विधि-
- इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे आम यानी कैरी को अच्छी तरह पानी से धो लें.
- इसके बाद इसका छिलका उतार लें और इसे कद्दूकस कर लें. .
- एक बर्तन में थोड़ा सा घी और कद्दूकस किए आम डाल दें.
- इन्हें कुछ देर तक पकाएं जब तक कि आम थोड़े सॉफ्ट (नरम) न हो जाएं.
- ध्यान रहे कि आम को बहुत ज्यादा गलाना नहीं है, बस हल्का सा पकाना है.
- अब चीनी को एक साथ मिला दें.
- धीमी आंच पर इसे पकने दें जैसे-जैसे चीनी पिघलेगी, वह आम के साथ मिलकर एक गाढ़ी चाशनी का रूप ले लेगी.
- जब यह अच्छे से पक जाए यानि बबल्स बनने लगे तब काला नमक, इलायची पाउडर, दालचीनी और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें.
- इससे मुरब्बे का रंग बहुत ही शानदार आता है और इलायची की खुशबू इसे एकदम रॉयल लुक देती है.
- आपका लाजवाब कैरी मुरब्बा तैयार है.
| खास टिप्स- |
| 1. मुरब्बा बनाने के लिए हमेशा ऐसे कच्चे आम चुनें जो थोड़े गूदेदार हों और जिनमें अंदर जाली न पड़ी हो. |
| 2. मुरब्बे को हमेशा कांच के साफ और सूखे जार में ही रखें. जार में बिल्कुल भी नमी या पानी नहीं होना चाहिए. |
| 3. जब भी खाने के लिए मुरब्बा निकालें, तो हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें. |
| 4. गीला चम्मच डालने से मुरब्बे में फंगस लग सकती है. |
किस चीज के साथ पेयर करें-
इस कैरी के मुरब्बे को आप पूरी, पराठा या फिर रोटी के साथ खा सकते हैं. बच्चों के टिफिन में भी पैक कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- गर्मियों में नहीं है भारी खाना खाने का मन, सिर्फ 10 मिनट में बनाएं बीटरूट कर्ड राइस, स्वाद के साथ मिलेगा पोषण भी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं