4000 Years Old Dessert Mersu: जब दुनिया में चीनी का नाम तक नहीं था, तब भी लोग ऐसी मिठाई खाते थे जो आज के हेल्दी स्नैक्स से भी आगे है - 4000 साल पुरानी ‘मर्सू' उसी का उदाहरण है. मिठाई का नाम सुनते ही हमारे मन में गुलाब जामुन, जलेबी या रसगुल्ले की तस्वीर आती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया की सबसे पुरानी दर्ज मिठाइयों में से एक करीब 4000 साल पुरानी है और आज भी लोग इसे बड़े चाव से बनाकर खाते हैं?
इस मिठाई का नाम है मर्सू (Mersu). इसे निंदा मर्सू भी कहा जाता है. इसका इतिहास प्राचीन मेसोपोटामिया यानी आज के इराक क्षेत्र से जुड़ा है. हैरानी की बात ये है कि उस समय न तो रिफाइंड चीनी थी और न ही मॉर्डन किचन. फिर भी ऐसी टेस्टी मिठाई बनती थी. जो बहुत न्यूट्रीशन भी मानी जाती थी.
4000 साल पुराना है मर्सू का इतिहास
इतिहासकारों के मुताबिक मर्सू का जिक्र 2000 ईसा पूर्व के आसपास मिले मिट्टी के शिलालेखों में मिलता है. ये शिलालेख मेसोपोटामिया के जाने माने शहरों मारि और बेबीलोन से मिले हैं.
माना जाता है कि उस दौर में मर्सू को राजघरानों और धार्मिक अनुष्ठानों में खास तौर पर बनाया जाता था. हालांकि इसकी मूल रेसिपी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है. लेकिन पुरातत्वविदों और फूड हिस्टोरियन्स ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर इसकी कई रेसिपी दोबारा तैयार की गई हैं.
आखिर मर्सू में क्या-क्या डाला जाता था?
मर्सू की सबसे खास बात ये है कि इसमें चीनी का इस्तेमाल नहीं होता था. इसकी मिठास पूरी तरह नेचुरल होती थी. इसमें मुख्य रूप से खजूर और पिस्ता को पीसकर मिलाया जाता था. मिठास बढ़ाने के लिए खजूर का सिरप या शहद डाला जाता था. कई बार इसमें थोड़ा आटा, घी और स्वाद के लिए धनिया या जीरे जैसे मसाले भी मिलाए जाते थे.
कुछ इतिहासकारों का मानना है कि ये लड्डू जैसी मिठाई थी. जबकि कुछ के अनुसार ये मीठी ब्रेड या केक की तरह बनाई जाती थी. क्योंकि सुमेरियन भाषा में निंदा का मतलब ब्रेड होता है.
घर पर ऐसे बनाएं 4000 साल पुरानी मिठाई
अगर आप इस ऐतिहासिक मिठाई का स्वाद चखना चाहते हैं तो इसकी आसान रेसिपी घर पर ट्राई कर सकते हैं. सबसे पहले एक कप खजूर लें और उन्हें बारीक पीस लें. इसमें आधा कप पिस्ता या दूसरे मेवे कूटकर मिला दें.
अब एक चम्मच शहद और एक चम्मच घी डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें. अगर चाहें तो स्वाद के लिए थोड़ा सा धनिया पाउडर या दालचीनी भी डाल सकते हैं. इसके बाद छोटे-छोटे लड्डू बना लें और कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें. आपकी 4000 साल पुरानी मर्सू तैयार है.
आज भी क्यों पसंद की जाती है मर्सू?
मर्सू सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि हजारों साल पुराने खानपान की विरासत है. इसमें नेचुरल मिठास, मेवों का न्यूट्रीशन और आसानी से मिलने वाली सामग्री का इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि हेल्दी डाइट पसंद करने वाले लोग भी इसे आज भी चांव से खाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं