महंगाई के दौर में रसोई गैस की बढ़ती कीमतें हर घर का बजट बिगाड़ देती हैं. ऐसे में अगर थोड़ी समझदारी से काम लिया जाए, तो गैस की खपत को काफी हद तक कम की जा सकती है. अगर हम कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाएंगे, तो इससे न सिर्फ गैस की बचत होगी बल्कि समय की भी बचत हो सकती है. Masala Kitchen नामक के एक यूट्यूब चैनल पर कई ऐसे छोटे-छोटे हैक्स बताए गए हैं, जिसे आप अपनाकर 1 सिलेंडर को 2 से 2.5 महीने तक चला सकते हैं. यहां जानते हैं इन हैक्स के बारे में-
वीडियो में देखे LGP गैस के कुछ बचत हैक्स-
गैस बर्नर की करें नियमित सफाई
अगर गैस स्टोव की लौ पीली दिखाई दे रही है, तो ये संकेत है कि बर्नर गंदा है. गंदे बर्नर में गैस ज्यादा खर्च होती है और खाना भी देर से पकता है. इसलिए समय-समय पर बर्नर की सफाई जरूर करें.
बर्तन और बर्नर का सही चुनाव करें
छोटे बर्तन को बड़े बर्नर पर रखने से गैस की काफी बर्बादी होती है. हमेशा बर्तन के आकार के अनुसार बर्नर का उपयोग करें. इससे गर्मी सीधे बर्तन तक पहुंचेगी और गैस कम खर्च होगी.
खाना ढककर पकाएं
सब्जी, दाल या चावल बनाते समय बर्तन को ढककर रखें. इससे गर्मी अंदर बनी रहती है और खाना जल्दी पक जाता है. साथ ही तेज आंच की बजाय मीडियम फ्लेम का उपयोग करें.
प्रेशर कुकर का करें ज्यादा इस्तेमाल
प्रेशर कुकर गैस बचाने का सबसे आसान तरीका है. इसमें दाल, चावल और सब्जियां एक साथ पकाई जा सकती हैं. इससे समय और गैस दोनों की बचत होती है.
दाल और राजमा को पहले भिगो दें
राजमा, छोले और दालों को रातभर या कुछ घंटों के लिए भिगोकर रखने से वे जल्दी पकते हैं. इससे गैस की खपत कम होती है और पोषक तत्व भी बेहतर तरीके से मिलते हैं.
गैस लीकेज पर रखें नजर
सिलेंडर का रेगुलेटर और पाइप समय-समय पर चेक करें. कई बार हल्की लीकेज के कारण गैस बिना इस्तेमाल के ही बर्बाद होती रहती है.
फ्रिज से निकला खाना तुरंत न करें गर्म
फ्रिज से निकाले गए खाने को पहले कुछ देर सामान्य तापमान पर रखें और फिर गर्म करें. इससे खाना जल्दी गर्म होगा और गैस कम खर्च होगी.
नमक पहले डालें
दाल और सब्जियों में शुरुआत में ही नमक डालने से वे जल्दी पक सकती हैं, जिससे खाना बनाने का समय और गैस दोनों की बचत होती है.
रसोई की छोटी आदतें करें बड़े फायदे
खाना बन जाने के बाद गैस का मेन स्विच बंद करना, एक बार में ज्यादा मात्रा में खाना तैयार करना और जरूरत के हिसाब से ही फ्लेम का उपयोग करना ऐसी आदतें हैं जो लंबे समय में गैस का अच्छा-खासा खर्च बचा सकती हैं.
ये भी पढ़ें - तवे पर कैसे बनाएं होटल जैसी सॉफ्ट रुमाली रोटी? आटा गूंधने की ये ट्रिक आएगी काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं