देश में घरेलू LPG सिलेंडर पर कमीशन बढ़ाने की खबरों के बीच आज 19 नवंबर को 14.2 किलो वाला गैस सिलेंडर दिल्ली में 942.50 रुपये में मिल रहा है. वहीं उज्जवला योजना के तहत 300 रुपये की सब्सिडी घटा दें तो लाभार्थियों को ये सिलेंडर दिल्ली में महज 642 रुपये का पड़ रहा है.
देश में LPG डीलर्स सिलेंडर पर कमीशन को 75 रुपये से बढ़ाकर 120-150 रुपये करने की मांग कर रहे हैं. ऐसा हुआ तो गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने की आशंका रहेगी. 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी 45 से 70 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है. डिस्ट्रिब्यूटर्स ने सरकारी तेल कंपनियों और पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) तक अपनी ये बात पहुंचाई है, जिसके पीछे उन्होंने अपने बढ़ते खर्चों का हवाला दिया है.
फिलहाल देश में गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर हैं. इस महीने की शुरुआत में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े थे, जो कि अब तक स्थिर हैं. आइए जानते हैं, आज 19 नवंबर को देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें क्या हैं.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम| Domestic 14.2 KG LPG Cylinder Price Today
दिल्ली में आज घरेलू सिलेंडर 942.50 रुपये है. नोएडा में आज दाम 941.50 रुपये है. मुंबई में रेट 968 रुपये है. पटना में दाम 1031.50 रुपये है. बेंगलुरू में रेट 944.50 रुपये है. चंडीगढ़ में आज 14.2 किलोग्राम सिलेंडर का रेट 951.50 रुपये है. लखनऊ में दाम 979.50 रुपये है. हैदराबाद में रेट 994 रुपये है. भुनवेश्वर में रेट 968.50 रुपये है.
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम| Commercial 19 KG LPG Cylinder Price Today
दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर का दाम 2,820 रुपये है. नोएडा में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 2,820 रुपये है. ये दर 1 नवंबर 2026 से लागू 10 रुपये की बढ़ोतरी के बाद की है.
• दिल्ली: 2,820 रुपये
• मुंबई: 2,775 रुपये
• चंडीगढ़: 2,843 रुपये
• गुरुग्राम: 2,838 रुपये
• बेंगलुरु: 2,909 रुपये
• लखनऊ: 2,932 रुपये
• जयपुर: 2,947 रुपये
• भुवनेश्वर: 3,004 रुपये
• हैदराबाद: 3,081 रुपये
• पटना: 3,117.50 रुपये
इंडियन ऑयल की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल एक एलपीजी सिलेंडर तैयार करने पर कंपनी की लागत 1,267.24 रुपये आ रही है. करीब 325 रुपये का खर्च सरकार वहन कर रही है.
LPG सिलेंडर पर कमीशन बढ़ाने की मांग क्यों?
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स और पेट्रोल पंप संचालक लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. इस सिलसिले में उन्होंने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) के साथ सरकारी तेल कंपनियों के सामने भी अपना पक्ष रखा है.
फिलहाल घरेलू एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स को 14.2 किलो के सिलेंडर की डिलीवरी पर 75 रुपये कमीशन मिलता है. वे इसे बढ़ाकर 120 से 150 रुपये प्रति सिलेंडर करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि गैस एजेंसी चलाने का खर्च लगातार बढ़ा है, लेकिन कमीशन में उसी अनुपात में इजाफा नहीं हुआ है. इससे उनकी कमाई और परिचालन लागत के बीच अंतर बढ़ता जा रहा है.
डीलर्स का तर्क है कि कई साल से उनके कमीशन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि कर्मचारियों की सैलरी, बिजली का बिल, गोदाम के रखरखाव और दूसरे परिचालन खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में मौजूदा कमाई से कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है. हालांकि, इस मांग पर मंत्रालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
यह भी पढ़ें | LPG पर कमीशन बढ़ाने की मांग, पेट्रोल-डीजल के भी बढ़ सकते हैं दाम, डिटेल में जानिए वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं