विज्ञापन

LPG पर 47 रुपये कमीशन बढ़ाने की मांग, पेट्रोल-डीजल के भी बढ़ सकते हैं दाम, डिटेल में जानिए वजह

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स और पेट्रोल पंप चलाने वालों ने सरकार और तेल कंपनियों से अपना कमीशन बढ़ाने की मांग की है. एलपीजी डीलर्स 14.2 किलो के सिलेंडर पर मौजूदा 75 रुपये के कमीशन को बढ़ाकर 120-150 रुपये करना चाहते हैं. वहीं, पेट्रोल-डीजल डीलर्स ने भी 30-40% तक कमीशन बढ़ाने की मांग रखी है. 

LPG पर 47 रुपये कमीशन बढ़ाने की मांग, पेट्रोल-डीजल के भी बढ़ सकते हैं दाम, डिटेल में जानिए वजह
पेट्रोल-डीजल और LPG डीलरों ने खोला मोर्चा, कमीशन बढ़ाने के लिए सरकार से की ये मांग
नई दिल्ली:

देश में LPG सिलेंडर की सप्लाई करने वाले डीलर्स और पेट्रोल पंप चलाने वालों ने अपना कमीशन बढ़ाने की मांग तेज कर दी है. उन्होंने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) के साथ सरकारी तेल कंपनियों से भी इस बारे में बातचीत की है. डीलर्स का कहना है कि पिछले कई सालों से उनका कमीशन नहीं बढ़ा है, जबकि कर्मचारियों की सैलरी, बिजली बिल और दूसरे खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है. हालांकि, इस मामले में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. 

इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बिजनेसटुडे को बताया कि LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स और पेट्रोल पंप ऑपरेटर्स ने अपनी मांगों को लेकर मंत्रालय और इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) को अपना पक्ष भेजा है. 

LPG सिलेंडर पर कितना कमीशन बढ़ाने की मांग?

LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स फिलहाल 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाले 75 रुपये के कमीशन को बढ़ाना चाहते हैं. उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर 120 से 150 रुपये प्रति सिलेंडर किया जाए. डीलर्स का कहना है कि गैस एजेंसी चलाने में कर्मचारियों की सैलरी, गोदाम का रखरखाव, बिजली और दूसरे प्रशासनिक खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. इसके मुकाबले उनकी कमाई में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है.

पेट्रोल-डीजल पर भी बढ़ेगा कमीशन?

पेट्रोल पंप ऑपरेटर्स ने भी अपने कमीशन में बढ़ोतरी की मांग की है. उनकी मांग है कि कुल कमीशन में 30-40% तक इजाफा किया जाए. इसके अलावा पेट्रोल पर 1.50 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 2.50 रुपये प्रति लीटर कमीशन बढ़ाने की मांग भी रखी गई है. डीलर्स का कहना है कि पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को कई तरह की मुफ्त सुविधाएं देनी पड़ती हैं. इनमें मुफ्त हवा की सुविधा भी शामिल है. इसके अलावा कर्मचारियों की सैलरी और पेट्रोल पंप के मेंटनेंस पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है.

2017 से नहीं बढ़ा कमीशन, 18 बार संशोधन पेंडिंग

डीलर एसोसिएशन से जुड़े एक प्रतिनिधि के मुताबिक, तेल कंपनियों और डीलरों के बीच हुए समझौतों में साल में कम से कम दो बार कमीशन की समीक्षा करने का प्रोविजन है. इसके बावजूद पिछले 10 साल में कमीशन में करीब 18 बार होने वाले संशोधन पेंडिंग हैं. एक दूसरे सूत्र का कहना है कि पेट्रोल पंप और LPG कारोबार में डीलरों का मार्जिन 2017 से लगभग स्थिर बना हुआ है. इस वजह से खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में कारोबार चलाना मुश्किल हो रहा है. 

PNG और e-KYC से भी कारोबार पर असर

LPG डीलर्स का कहना है कि पाइप के जरिए मिलने वाली गैस यानी PNG का विस्तार होने से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है. इसके अलावा LPG ग्राहकों के लिए जरूरी e-KYC प्रोसेस से जुड़े खर्च और दूसरी ऑपरेशनल चुनौतियां भी उनके मुनाफे पर असर डाल रही हैं. डीलर्स ने सरकार से जल्द कमीशन बढ़ाने और पेंडिग संशोधनों पर फैसला लेने की अपील की है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Diesel, LPG, Petrol Price, Diesel Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com