गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में लीची की बहार दिखाई देने लगती है. मीठी, रसीली और मुलायम लीची न सिर्फ स्वाद में शानदार होती है, बल्कि गर्मी के दिनों में ताजगी का एहसास भी कराती है. आमतौर पर लोग लीची को छीलकर सीधे खाते हैं, लेकिन अगर आप इसका स्वाद एक नए अंदाज में लेना चाहते हैं, तो मसालेदार लीची चाट ट्राई कर सकते हैं. यह रेसिपी सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद की जा रही है और इसे बनाना बेहद आसान है.
लीची चाट बनाने के लिए सामग्री-
- 20 से 25 ताजी लीची
- 1/2 छोटा चम्मच काला नमक
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- कुछ पुदीने की पत्तियां (वैकल्पिक)
ऐसे बनाएं मसालेदार लीची चाट
- सबसे पहले लीची को अच्छी तरह धो लें और उसका छिलका उतार लें. अब सावधानी से बीज निकाल दें. एक बड़े बाउल में सभी लीची डालें. इसके ऊपर काला नमक, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालें.
- अब सभी चीजों को हल्के हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें ताकि मसाले हर लीची पर अच्छी तरह चिपक जाएं. अगर आप स्वाद को और बेहतर बनाना चाहते हैं, तो इसमें बारीक कटी पुदीने की पत्तियां भी मिला सकते हैं.
फ्रीजर में रखने से बढ़ जाएगा स्वाद
इस रेसिपी की सबसे खास ट्रिक यह है कि मसाले मिलाने के बाद लीची को 15 से 20 मिनट के लिए फ्रीजर में रख दें. इससे लीची पूरी तरह नहीं जमेगी, लेकिन उसका गूदा ठंडा और ज्यादा रिफ्रेशिंग हो जाएगा. ठंडी लीची में मसालों का स्वाद और भी शानदार लगता है.
यह मसालेदार लीची चाट गर्मियों में शाम के स्नैक, पार्टी स्टार्टर या हेल्दी ट्रीट के रूप में परोसी जा सकती है. मीठे, खट्टे और मसालेदार स्वाद का यह कॉम्बिनेशन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है. अगर आपने अब तक लीची को इस अंदाज में नहीं खाया है, तो इस गर्मी में एक बार जरूर ट्राई करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं