कैसे बनाएं लौकी की सब्जी. (Image YT @bharatzkitchenHINDI)
लौकी एक हरी सब्जी है जिसका सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. गर्मियों के मौसम बाजारों में आपको खूब हरी-भरी लौकी देखने को मिलेंगी. लेकिन फायदे कितने भी हों घर के बड़े और बच्चे इसे खाने में नाक-मुंह बनाने लगते हैं. अगर आपके घर में भी लोग लौकी खाने से कतराते हैं, तो आज हम आपके लिए लेकर आए हैं शेफ भरत (Bharatzkitchen) के स्टाइल में बनने वाली एक बेहद अनोखी और लाजवाब लौकी सब्जी की रेसिपी.
कैसे बनाएं लौकी की सब्जी- (How To Make Lauki Sabji)
सामग्री-
- लौकी भूनने के लिए- 500 ग्राम लौकी, थोड़ा सा तेल, 1/2 छोटा चम्मच नमक, 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा कप पानी.
- पेस्ट के लिए- 5-6 लहसुन की कलियां, 1 इंच अदरक, 2-3 हरी मिर्च, 2 टमाटर, थोड़ा सा पानी.
- कूटा हुआ मसाला- 1/2 छोटा चम्मच साबुत धनिया, 1/2 छोटा चम्मच जीरा, 1/2 छोटा चम्मच सौंफ
- सीक्रेट तड़का और ग्रेवी- 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना, 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल, एक चुटकी हींग, 2 बारीक कटे प्याज, 1 बड़ा चम्मच बेसन, 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 1 छोटा चम्मच तीखी लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच नमक, 1/2 छोटा चम्मच किचन किंग मसाला, 1/2 छोटा चम्मच कसूरी मेथी, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 बड़ा चम्मच ताजी मलाई या फ्रेश क्रीम, बारीक कटा हुआ हरा धनिया और जरूरत के अनुसार पानी.

लौकी एक हरी सब्जी है जिसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. (Image NDTV)
विधि-
- सबसे पहले एक मिक्सर जार में लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, टमाटर और थोड़ा सा पानी डालकर एकदम महीन पेस्ट तैयार कर लें और इसे एक तरफ रख दें.
- गैस पर एक पैन चढ़ाएं और हाई फ्लेम पर थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें कटे हुए लौकी के टुकड़े डालें.
- ध्यान रहे, शुरू में नमक या हल्दी नहीं डालना है, नहीं तो लौकी पानी छोड़ देगी. 1 मिनट तक तेज आंच पर भूनने के बाद इसमें आधा चम्मच नमक और आधा चम्मच हल्दी डालें.
- इसे तेज आंच पर ही 3-4 मिनट तक अच्छे से भूनें जब तक कि लौकी पर बढ़िया सुनहरा रंग न आ जाए.
- इसके बाद आधा कप पानी डालकर ढक दें और मीडियम-लो फ्लेम पर 3-4 मिनट पकाएं ताकि लौकी करीब 60-70% तक गल जाए फिर गैस बंद कर दें.
- अब एक दूसरी कड़ाही में सरसों का तेल डालकर धुंआ निकलने तक गर्म करें. तेल गर्म होने पर आंच धीमी करें और इसमें हींग, दरदरा कूटा हुआ बूस्टर मसाला डालें और तुरंत ही बारीक कटे प्याज डाल दें.
- प्याज को मीडियम आंच पर 6-7 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें, ब्राउन नहीं करना है.
- अब भुने हुए प्याज में 1 बड़ा चम्मच बेसन डालें और इसे धीमी आंच पर अच्छे से भूनें ताकि बेसन का कच्चापन निकल जाए.
- बेसन भूनने के बाद इसमें हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालें.
- मसालों को 1 मिनट भूनने के बाद, मसाले जलने से बचाने के लिए इसमें भीगा हुआ मेथी दाना और उसका पानी डाल दें.
- अब इस मसाले में तैयार किया हुआ टमाटर का पेस्ट और स्वादानुसार नमक डालें.
- इसे ढककर मीडियम आंच पर 6-7 मिनट तब तक पकाएं जब तक कि मसाला तेल न छोड़ दे.
- जब मसाला भून जाए, तो इसमें किचन किंग मसाला, कसूरी मेथी और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाएं.
- अब ग्रेवी के लिए थोड़ा पानी डालें और साथ ही 1 बड़ा चम्मच घर के दूध की मलाई या फ्रेश क्रीम डालकर अच्छे से मिलाएं.
- आखिर में, इस तैयार ग्रेवी में पहले से भूनकर रखी हुई लौकी को डाल दें. अगर पानी कम लगे तो थोड़ा पानी और बढ़ा लें.
- अब कड़ाही पर ढक्कन लगाएं और बिल्कुल धीमी आंच पर 5-6 मिनट के लिए पकने दें ताकि लौकी पूरी तरह गल जाए और सारे मसालों का स्वाद लौकी के अंदर तक समा जाए.
- गैस बंद करें और ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गरमा-गरम रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें.
कुकिंग टिप्स-
- इस सब्जी को बनाने के लिए जितनी फ्रेश और कच्ची लौकी का इस्तेमाल करेंगे, सब्जी का स्वाद उतना ही बेहतरीन आएगा.
- लौकी को पैन में डालते ही तुरंत नमक न डालें, वरना लौकी पानी छोड़ देगी और वह अच्छे से रोस्ट नहीं हो पाएगी.
- प्याज के साथ बेसन डालते समय आंच को धीमा रखें और इसे अच्छे से भूनें. अगर बेसन कच्चा रह गया तो सब्जी का स्वाद बिगड़ सकता है.
- लौकी का अपना एक हल्का और बढ़िया स्वाद होता है. इसलिए इसमें गरम मसाला और अन्य गरम मसाले बहुत ज्यादा मात्रा में न डालें.
यहां देखें वीडियो-
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बच्चों के लिए बाजार का बिस्किट क्यों? घर पर बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद रागी चोको चिप कुकीज
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Lauki Sabji, Lauki Ke Fayde, Lauki Recipe