उत्तर प्रदेश में 82 किलोमीटर के दिल्ली-मेरठ नमो भारत रूट (Namo Bharat Train in Delhi NCR) पर रैपिड रेल फर्राटा भर रही है. वहीं NCRTC दूसरे चरण में दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत नमो भारत कॉरिडोर, गाजियाबाद-बुलंदशहर-खुर्जा नमो भारत कॉरिडोर, गाजियाबाद-पिलखुवा-हापुड़ कॉरिडोर को मंजूरी मिल सकती है. वेस्ट यूपी में अगर ये तीन रूट पर रैपिड रेल दौड़ती है, तो पूरे क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, शामली जैसी कृषि, व्यापारिक और औद्योगिक हब को हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी.
1. गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर
गाजियाबाद RRTS स्टेशन को ग्रेटर नोएडा के परी चौक होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक 72 किमी लंबा नया रैपिड रेल रूट तैयार होगा. इसकी डीपीआर भी एनसीआरटीसी ने सौंप दी है. मेरठ और दिल्ली से आने वाले यात्री गाजियाबाद से ट्रेन बदलकर सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे. गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत रूट प्राथमिकता में है.
2. दिल्ली-शाहदरा-शामली-बड़ौत नमो भारत कॉरिडोर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, शामली और आसपास के कस्बाई और शहरी इलाकों को सीधे दिल्ली से हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी. दिल्ली में (शाहदरा, आनंद विहार) के बाद गाजियाबाद में लोनी, बागपत में खेकड़ा, बड़ौत और आगे शामली तक विस्तार हो सकता है. दिल्ली से बड़ौत का रूट 55 से 60 किलोमीटर का है. दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के रूट पर भारी ट्रैफिक जाम रहता है. नमो भारत रैपिड रेल चलने से 2 घंटे का समय 30–40 मिनट रह जाएगा. बागपत और बड़ौत चीनी मिलों, अनाज और स्कूल-कॉलेज के लिए मशहूर है. छात्रों और खेती-किसानी से जुड़े व्यापारियों को रोजाना दिल्ली आने में आसानी होगी.
3. गाजियाबाद-बुलंदशहर-खुर्जा कॉरिडोर
खुर्जा और बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के बड़े औद्योगिक केंद्र हैं. ये रैपिड रेल का रूट वेस्ट यूपी के अनछुए इलाके को भी हाईस्पीड नेटवर्क देगा.गाजियाबाद (RRTS स्टेशन) से लालकुआं, दादरी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और खुर्जा को इससे कनेक्टिविटी मिल सकती है. 65 से 70 किलोमीटर के रैपिड रेल रूट से पॉटरी और इंडस्ट्रियल हब का विकास होगा.खुर्जा में सिरेमिक इंडस्ट्री है.सिकंदराबाद और दादरी में बड़े इंडस्ट्रियल पार्क और डिपो हैं. ये रूट ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (EDFC) और दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन के पास से गुजरता है. दिल्ली एनसीआर में लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग के लिए ये वरदान साबित होगा.
4. गाजियाबाद-पिलखुवा-हापुड़ कॉरिडोर
हापुड़ और पिलखुवा के इलाके गाजियाबाद से सटे हैं.नोएडा, गाजियाबाद में जगह की कमी के बीच ये बड़े अर्बन सेंटर बन सकते हैं. ये कॉरिडोर NH-9 (पहले NH-24) के समानांतर ट्रैफिक प्रेशर को कम कर सकता है. गाजियाबाद रैपिड रेल स्टेशन से डासना, पिलखुवा और हापुड़ को इससे जोड़ा जा सकता है. ये 30 से 35 किलोमीटर का रूट है. पिलखुवा हैंडलूम और कपड़ा उद्योग के साथ बड़े इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेजों के लिए मशहूर है. इस कॉरिडोर से हजारों छात्रों और कारोबारियों को फायदा मिलेगा. गाजियाबाद और हापुड़ के बीच यात्रियों को दिल्ली तक आवाजाही के लिए हाईवे के बिजी ट्रैफिक पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
5. दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पूरा
देश का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रोजेक्ट दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर है, जो पूरा हो चुका है. इससे दिल्ली से मेरठ 50-55 मिनट में सफर हो रहा है. ये कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर मेरठ के मोदीपुरम तक जाता है.दिल्ली सेक्शन में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार इसके स्टेशन हैं. गाजियाबाद में साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुराद नगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ स्टेशन हैं. मेरठ सेक्शन में मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल (भूमिगत), भैंसाली (भूमिगत), बेगमपुल (भूमिगत), मेसविले, दौरली, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो नमो भारत स्टेशन हैं.
ये भी पढ़ें - दिल्ली NCR से 4 रूट पर चलेगी नमो भारत ट्रेन, नोएडा, पानीपत, करनाल शामिल, NCRTC का DPR को ग्रीन सिग्नल
हरिद्वार-ऋषिकेश तक एक्सटेंशन
मेरठ (मोदीपुरम) से आगे यूपी से ये कॉरिडोर मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए हरिद्वार व ऋषिकेश (उत्तराखंड) तक बढ़ाने का प्रस्ताव है.इससे दिल्ली और वेस्ट यूपी से सीधे हरिद्वार और ऋषिकेश तक तक हाईस्पीड मिलेगी.
ये भी पढ़ें- दिल्ली से 6 रूट पर दौड़ेगी नमो भारत, पानीपत, अलवर के बाद पलवल-रोहतक, बड़ौत तक रैपिड रेल, 4 राज्य होंगे कनेक्ट
गाजियाबाद इंटरचेंज हब बनेगा
गाजियाबाद का RRTS स्टेशन एक इंटरचेंज हब बनेगा. यहां से रैपिड रेल यात्री मेरठ, दिल्ली, जेवर एयरपोर्ट, हापुड़, खुर्जा या बड़ौत जैसे किसी भी नमो भारत रूट पर जा सकेंगे. गाजियाबाद के जरिये दिल्ली के सराय काले खां और दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-अलवर नमो भारत कॉरिडोर से भी ये इंटरकनेक्ट होगा. इन नमो भारत रूट के किनारे रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स पार्क और नए इंडस्ट्रियल सेक्टर्स का तेजी से विकास होगा.
ये भी पढ़ें - मानेसर-रोहतक, बहादुरगढ़ से बावल-बहरोड़ तक 4 रूट पर दौड़ेगी नमो भारत, दिल्ली से हरियाणा-राजस्थान तक चलेगी रैपिड रेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं