आजकल कई लोग बिना ज्यादा मेहनत किए भी थकान, कमजोरी और ऊर्जा की कमी महसूस करते हैं. सुबह उठने के बाद भी शरीर भारी लगना, काम के दौरान जल्दी थक जाना या हर समय सुस्ती महसूस होना ऐसी समस्याएं हैं जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं. हालांकि कई बार इसके पीछे खराब खानपान और पोषण की कमी भी जिम्मेदार हो सकती है.
यशोदा हॉस्पिटल्स, हाइटेक सिटी, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन, डायबेटोलॉजिस्ट एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. सोमनाथ गुप्ता के अनुसार, शरीर में कमजोरी होने पर सबसे पहले अपनी डाइट पर ध्यान देना चाहिए. सही भोजन शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ मांसपेशियों को मजबूत बनाने और दिनभर एक्टिव रखने में मदद करता है.
1. प्रोटीन से भरपूर चीजें जरूर खाएं
डॉक्टर कहते हैं कि अगर शरीर में कमजोरी महसूस हो रही है तो प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा लेना बेहद जरूरी है. अंडे, दालें, राजमा, छोले, पनीर, दही, मछली और लीन चिकन जैसे खाद्य पदार्थ शरीर को ताकत देने और मांसपेशियों की मरम्मत में मदद करते हैं. रोजाना भोजन में प्रोटीन शामिल करने से शरीर की कार्यक्षमता बेहतर हो सकती है.
2. साबुत अनाज देंगे लंबे समय तक ऊर्जा
कई लोग केवल चाय या हल्के नाश्ते के सहारे दिन शुरू करते हैं, जिससे कुछ समय बाद ऊर्जा कम होने लगती है. डॉ. गुप्ता सलाह देते हैं कि ओट्स, ब्राउन राइस, बाजरा, ज्वार और गेहूं की रोटी जैसे साबुत अनाज को भोजन का हिस्सा बनाना चाहिए. इनमें मौजूद कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करते हैं.
3. आयरन की कमी भी बना सकती है कमजोरी की वजह
अगर शरीर में आयरन की कमी है तो व्यक्ति जल्दी थक सकता है और कमजोरी महसूस कर सकता है. हरी पत्तेदार सब्जियां, तिल, दालें, चना और लीन मीट जैसे खाद्य पदार्थ आयरन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं. आयरन शरीर में ऑक्सीजन के परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए इसकी कमी से ऊर्जा का स्तर प्रभावित हो सकता है.
4. विटामिन C के साथ बढ़ेगा फायदा
डॉक्टर बताते हैं कि पौधों से मिलने वाले आयरन के बेहतर अवशोषण के लिए विटामिन C जरूरी होता है. इसलिए आंवला, संतरा, अमरूद, नींबू और अन्य खट्टे फलों को भी डाइट में शामिल करना चाहिए. आयरन और विटामिन C का यह संयोजन शरीर को अधिक लाभ पहुंचा सकता है.
5. पानी की कमी न होने दें
कई बार कमजोरी का कारण कोई बीमारी नहीं बल्कि डिहाइड्रेशन होता है. पर्याप्त पानी न पीने से शरीर में थकान, चक्कर और सुस्ती महसूस हो सकती है. इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है.
ये भी पढ़ें -B-12 Food Source: कमजोरी और थकान को दूर भगाने वाले 20 जादुई फूड्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं